एक्सप्लेनर्स

किसकी ओर झुक रहे बिहार के सियासी आंकड़े? आज नीतीश केरेंगे सरप्राइज! जानें लालू यादव के पास कितने विकल्प

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Jan 26, 2024, 10:30 AM IST

Bihar Political Crisis: आइए जानते हैं बिहार के सियासी समीकरण क्या हैं? आंकड़े किस ओर से झुक रहे हैं? नीतीश एनडीए में शामिल होते हैं तो लालू यादव के पास क्या-क्या विकल्प हैं? और इस सियासी तूफान में कांग्रेस कहां है...

Image

लालू यादव- नीतीश कुमार

Photo : PTI

Bihar Political Crisis: देश की राजनीति में बिहार को सियासी प्रयोगशाला कहा जाता है। यहां राजनीति को लेकर जितने प्रयोग होते हैं, उतने शायद किसी अन्य राज्य में नहीं ... और इस प्रयोगशाला के सबसे होनहार वैज्ञानिक हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। बिहार की राजीनति में एक बार फिर से भूचाल मचा हुआ है और इसके केंद्र में हैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। अटकले हैं कि नीतीश कुमार महागठबंधन से पाला बदलकर एनडीए में शामिल हो सकते है। इसके लिए वे अपने खेमे के नेताओं के साथ लगातार बैठक कर रहे हैं।

बिहार में मची इस सियासी उठापटक के बीच खबर है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दोपहर तक कोई चौंकाने वाला फैसला ले सकते हैं। नीतीश के मन में क्या है, यह तो वह खुद ही जानें। हालांकि, लालू प्रसाद यादव का राजद खेमा उनकी मान-मनौव्वल में जुटा हुआ है, लेकिन फैसला नीतीश कुमार को ही करना है।

इस बीच आइए जानते हैं बिहार के सियासी समीकरण क्या हैं? आंकड़े किस ओर से झुक रहे हैं? नीतीश एनडीए में शामिल होते हैं तो लालू यादव के पास क्या-क्या विकल्प हैं? और इस सियासी तूफान में कांग्रेस कहां है...

पहले समझिए पूरा घटनाक्रम

विपक्षी पार्टियों के इंडिया गठबंधन में नीतीश कुमार को दरकिनार किए जाने की खबरें लगातार सामने आ रही थीं। इससे नीतीश कुमार नाराज भी बताए जा रहे थे। इस बीच जदयू अध्यक्ष ललन सिंह की लालू यादव संग बढ़ती दोस्ती की खबरों ने नीतीश कुमार को फिर से एक्टिव कर दिया। इसके बाद नीतीश कुमार ने ललन सिंह को हटाकर पार्टी की कमान अपने हाथ में ले ली। साथ ही उन्होंने अपनी नई टीम गठित की, जिसमें ललन सिंह और उनके करीबियों को बाहर कर दिया गया। अपने किले को मजबूत करने के बाद नीतीश कुमार ने आरजेडी को बड़ा झटका देते हुए कैबिनेट में बड़ा फेरबदल किया। यह सब चल ही रहा था, इसी बीच भाजपा ने दिग्गज समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने का ऐलान कर डाला। इसके बाद भाजपा, जदयू और राजद में इसका क्रेडिट लेने की होड़ मच गई। जदयू ने कर्पूरी ठाकुर की जयंती के मौके पर न केवल अपना अलग प्रोग्राम रखा बल्कि इशारों ही इशारों में परिवारवाद को लेकर कांग्रेस और राजद पर तंज भी कस दिया। इसके बाद लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्च ने बिना नाम लिए नीतीश कुमार पर पलटवार किया, जिसके बाद अंदर ही अंदर चल रही सियासी उठापटक खुलकर सामने आ गई और नीतीश और लालू खेमा अलग-अलग बैठकों में जुट गया। इस बीच भाजपा ने भी बिहार के अपने बड़े नेताओं को दिल्ली तलब कर लिया।

क्या है बिहार का जादुई आंकड़ा?

बिहार विधानसभा में विधायकों की कुल संख्या 243 है। विधानसभा की वर्तमान स्थिति को देखें तो राजद के पास 79, भाजपा के पास 78, जदयू के पास 45, कांग्रेस के 19, कम्यूनिस्ट पार्टी के 12, हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के पास 4 विधायक हैं। यहां सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को जादुई आंकड़े 122 को छूना होगा। अभी के हालात में अगर नीतीश 45 विधायकों के साथ भाजपा के साथ जाते हैं तो एनडीए के पक्ष में 127 विधायक हो जाएंगे, जिससे आसानी से सरकार बनाई जा सकती है। वहीं, राजद के पास कांग्रेस और कम्यूनिस्ट दलों को मिलाकर 115 दलों का समर्थन हासिल है।

लालू यादव के पास क्या-क्या विकल्प?

अगर नीतीश कुमार भाजपा के साथ जाते हैं तो लालू यादव को सरकार बचाने के लिए 7 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता पड़ेगी। इस बीच खबरें हैं कि लालू यादव ललन सिंह के माध्यम से जदयू के कुछ विधायकों के संपर्क में हैं। एनडीए में शामिल होने की स्थिति में ये 7 से 8 विधायक नीतीश कुमार का विरोध कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो नीतीश कुमार के साथ भाजपा की सरकार बनाने की कोशिश को झटका लग सकता है। इसके अलावा लालू यादव, विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी का फायदा भी उठा सकते हैं। दरअसल, वह राजद से ही हैं और ऐसा महाराष्ट्र और झारखंड जैसे राज्यों में देखा गया है। लालू यादव के पास तीसरा विकल्प बिहार में मध्य प्रदेश व कर्नाटक मॉडल लागू करने का हो सकता है। दरअसल, भाजपा ने पहले कर्नाटक और बाद में मध्य प्रदेश में पिछले कार्यकाल के दौरान कांग्रेस के विधायकों का इस्तीफा दिलवाकर विधानसभा में बहुमत के आंकड़ों का कम कर दिया था और सरकार बना ली थी। बाद में सभी विधायक उप चुनाव जीतकर वापस आ गए थे।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article