Yuzvendra on Ex-Wife Dhanashree's Cheating Allegations: मशहूर कोरियोग्राफर और एक्ट्रेस धनाश्री वर्मा इन दिनों रिएलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में हिस्सा लेकर खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। इस शो के दौरान धनाश्री वर्मा ने एक्स-हस्बैंड युजवेंद्र चहल की बेवफाई को लेकर हैरान कर देने वाला खुलासा किया था। 'अमेजन एमएक्स प्लेयर' के इस शो में धनाश्री ने बताया कि उन्होंने शादी के दूसरे महीने में ही भारतीय क्रिकेटर को चीट करते हुए पकड़ा था। धनाश्री वर्मा द्वारा लगाए गए इन आरोपों पर अब युजवेंद्र चहल ने चुप्पी तोड़ते हुए एक्स-वाइफ को करार जवाब दिया है। एक इंटरव्यू में भारतीय क्रिकेटर ने एक्स-वाइफ के इन आरोपों को एकदम गलत और बेतुका बताया है।
धनाश्री वर्मा के धोखाधड़ी के आरोपों पर युजवेंद्र चहल ने किया रिएक्ट
हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बात करते हुए युजवेंद्र चहल ने एक्स-वाइफ धनाश्री वर्मा द्वारा लगाए गए आरोपों पर रिएक्शन देते हुए कहा, 'मैं एक खिलाड़ी हूं और मैं धोखा नहीं देता। अगर कोई दो महीने में ही चीट करता है तो इतना लंबा रिश्ता चलता क्या? मेरे लिए यह चैप्टर खत्म हो चुका है। मैं अपनी लाइफ में आगे बढ़ चुका हूं। मुझे लगता है कि अब सभी को ऐसा ही करना चाहिए।'
युजवेंद्र चहल ने आगे कहा, 'अगर मैंने दो महीने में धोखा दिया होता तो चीजें आगे कंटिन्यू कैसे रहती? मैं पहले भी बोल चुका हूं कि मैं पास्ट से निकल चुका हूं। लेकिन कुछ लोग अभी भी वहां फंसे हुए हैं। अभी भी कई लोग उस चीज को पकड़े हुए हैं। अभी भी उनका घर मेरे नाम से चल रहा है तो वे ऐसा करना जारी रख सकते हैं। मुझे अब इन चीजों से कोई फर्क नहीं पड़ता है।'
युजवेंद्र चहल से उनके करंट रिलेशनशिप स्टेटस के बारे में पूछा गया तो भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि वो सिंगल हैं। वो अभी इस समय रिलेशनशिप में आने के बारे नहीं सोच रहे हैं। बता दें कि युजवेंद्र के आरजे महवश के साथ रिलेशनशिप में होने की अफवाहें हैं। उन्होंने कई बार इस तरह की अफवाहों को बेबुनियाद बताया है।
