The Great Indian Kapil Show : भारतीयों का पसंदीदा शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' इन दिनों ओटीटी पर धूम मचा रहा है। हाल ही में शो का लेटेस्ट एपिसोड रिलीज हुआ है, जिसमें बॉलीवुड के सुपरहिट भाइयों की जोड़ी नजर आई। अपने अंदाज से 2023 पर राज करने वाले सनी देओल ( Sunny Deol) और बॉबी देओल( Bobby Deol) ने कपिल शर्मा ( Kapil Sharma) के साथ खूब सारी बातें की। स्टार्स ने अपने जीवन के कई राज बताए और हंसी मजाक करते हुए शो को दिलचस्प बनाया। जब कपिल ने उनके कामयाब होने का राज पूछा तो बॉबी देओल की आंखों में आंसू आ गए।
बॉबी देओल ने बताया कि कैसे, 2023 में सनी देओल की गदर रिलीज हुई, उसके बाद धर्मेंद्र( Dharmendra Deol) की 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' और फिर उनकी सुपरहिट फिल्म एनिमल रिलीज हुई। उनके शब्दों में, "मुझे खुशी है कि है कि भैया ने गदर देने के बाद 22 साल इंतजार किया। और एक ही साल में, पहले पापा की फिल्म रिलीज हुई, उन्हें जो रोल मिला, कोई और करता तो मजा ही नहीं आता।" फिर मेरी फिल्म आई, और वो भी सुपरहिट हो गई।"
सनी देओल ने आगे कहा कि , "कई साल हो गए, कुछ न कुछ होता रहा। हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे थे, ऐसा नहीं है कि हम प्रयास नहीं कर रहे थे। बॉबी, मैं और पिता, हम सभी ने यह प्रयास किया और लेकिन जैसे ही मेरे बेटे की शादी हुई और हमारे घर में बेटी आई, चीजें अच्छी हो गईं।" यह सुनकर दर्शकों ने उनके लिए तालियां बजाईं। वहीं एनिमल की सफलता का श्रेय अपने फैंस को देते हुए बॉबी देओल की आंखों में आंसू आ गए और माहौल काफी भावुक हो गया।
