Mahayoddha Rama in 3D: भारत में रामायण की कथा हर घर में सुनी-सुनाई जाती है। इस पौराणिक गाथा पर न जाने कितनी भाषाओं में फिल्में और टीवी शोज़ बन चुके हैं, फिर भी हर बार इसे देखना एक नया अनुभव देता है। अब इसी कहानी को एक नए और तकनीकी अंदाज़ में बड़े पर्दे पर लाने जा रही है कॉन्टिलो पिक्चर्स और इल्यूजन रियलिटी स्टूडियोज़ की एनिमेटेड फिल्म ‘महायोद्धा राम इन 3D’, जो 17 अक्टूबर को दिवाली से पहले सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म का निर्देशन रायजादा रोहित जयसिंह वैद ने किया है, जबकि निर्माता हैं अभिमन्यु सिंह और रूपाली सिंह।
कहानी
रामायण की मूल कथा तो सभी जानते हैं, लेकिन इस फिल्म की खासियत है इसका नया विजुअल ट्रीटमेंट। कहानी की शुरुआत रावण की तपस्या और वरदान से होती है, जिसके बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का जन्म होता है। फिल्म में श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के बचपन से लेकर वनवास और रावण वध तक के प्रसंग दिखाए गए हैं। फिल्म के कई सीन्स—जैसे ताड़का वध, सीता स्वयंवर और लंका दहन—3D तकनीक के जरिए इस तरह दिखाए गए हैं कि दर्शक खुद को उस युग में मौजूद महसूस करते हैं। हर फ्रेम में सिचुएशनल ह्यूमर का हल्का स्पर्श दिया गया है, जिससे यह धार्मिक फिल्म होते हुए भी मनोरंजक बन जाती है। भाषा भी आसान रखी गई है और आधुनिक शब्दों का इस्तेमाल कहानी की लय को और आकर्षक बनाता है।
वॉयस ओवर की खासियत
फिल्म में वॉयस आर्टिस्ट्स का चयन बेहद दिलचस्प है। कुणाल कपूर ने श्रीराम को, जिम्मी शेरगिल ने लक्ष्मण को और मौनी रॉय ने माता सीता को आवाज़ दी है। वहीं, गुलशन ग्रोवर रावण की दमदार आवाज़ में नजर आए हैं — उनकी भारी और प्रभावशाली आवाज रावण के किरदार को जीवंत बना देती है। रावण के दसों सिरों के अलग-अलग संवाद और आवाज़ें फिल्म का सबसे अनोखा पहलू हैं। इसके अलावा, मुकेश ऋषि ने हनुमान, और रज़ा मुराद ने विश्वामित्र की आवाज दी है। सभी कलाकारों की आवाज़ें फिल्म के एनिमेटेड कैरेक्टर्स को यथार्थ जैसा अनुभव देती हैं।
3D एनिमेशन और टेक्निकल क्वालिटी
इल्यूजन रियलिटी स्टूडियोज़ ने फिल्म के एनिमेशन पर शानदार काम किया है। पात्रों के हावभाव, वस्त्रों की सिलवटें, प्रकाश और रंगों का संतुलन — हर फ्रेम में बारीकी दिखती है। फिल्म के बैकग्राउंड म्यूज़िक और साउंड इफेक्ट्स दृश्य अनुभव को और गहराई देते हैं।
निष्कर्ष
‘महायोद्धा राम इन 3D’ भारतीय पौराणिक कथाओं को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ने की शानदार कोशिश है। यह फिल्म बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए मनोरंजक है। संवाद सरल हैं, परंपराओं की गरिमा बरकरार रखी गई है और 3D तकनीक फिल्म को भव्य रूप देती है।
कुल मिलाकर, यह फिल्म दिवाली के मौसम में परिवार के साथ देखने लायक फुल एंटरटेनमेंट पैकेज है । एक ऐसी पैसा वसूल 3D फिल्म, जो रामायण की कहानी को नए युग में फिर से जीवंत करती है। हमारी तरफ से फिल्म को 3 स्टार रेटिंग दी जा रही है।
