Lulia Vantur Performance at Vatican City: बॉलीवुड का जादू अब वेटिकन तक पहुंच गया है। अभिनेत्री और सिंगर यूलिया वंतूर ने इतिहास रच दिया जब उन्होंने वेटिकन के पॉल VI हॉल में मशहूर बॉलीवुड गाना ‘तेरी मेरी प्रेम कहानी’ गाया। ये पहली बार था जब वेटिकन में किसी हिंदी गाने की गूंज सुनाई दी। वो भी पोप और दुनियाभर से आए मेहमानों के सामने। ये खास मौका था नोस्त्रा एताते (Nostra Aetate) की 60वीं सालगिरह का। ये वो दिन है जब दुनिया के अलग-अलग धर्मों के बीच भाईचारे और एकता को मनाया जाता है।
पोप से मुलाकात का अनुभव
यूलिया को इस इवेंट में पोप लियो XIV से मिलने का भी मौका मिला। उन्होंने कहा,“पोप से मिलना बहुत भावुक पल था। उनके आस-पास का माहौल बहुत शांत और सकारात्मक था। उस वक्त लगा कि सच्ची आस्था इंसानियत और दया में होती है।”
यूलिया की ‘तेरी मेरी’ की प्रस्तुति ने वहां मौजूद हर शख्स को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा, “वेटिकन में ‘तेरी मेरी’ गाना मेरे लिए सिर्फ़ परफॉर्मेंस नहीं था, बल्कि एक प्रार्थना जैसा पल था। भारतीय संगीत को वहां गाना जादुई अनुभव था। सच में, संगीत किसी भी दीवार या धर्म की सीमा नहीं मानता।” उन्होंने इस मौके पर अपने गाने का रोमानियन वर्ज़न और एक नया अनरिलीज़्ड ट्रैक ‘कोरिंदे कोरिंदे’ भी गाया। इसके अलावा उन्होंने स्टीफन देवासी, विजय यसुदास और पु बेयर (Poo Bear) जैसे मशहूर इंटरनेशनल आर्टिस्ट्स के साथ “We Are the New World (Keep Doing Good)” गाना भी पेश किया , जो इंसानियत और अच्छाई का संदेश देता है।
यूलिया ने ग्राम्मी अवॉर्ड विनर पु बेयर के साथ भी एक गाना रिकॉर्ड किया है। इस खास पहल के पीछे थीं डॉ. संजना जॉन, जो PACT, H2O मूवमेंट और गिव लाइफ फाउंडेशन की संस्थापक हैं। उनका मकसद है — कला के ज़रिए शांति और इंसानियत का संदेश फैलाना। उनके विज़न के तहत “We Are the New World” अब एक ग्लोबल मूवमेंट बन चुका है, जो दुनिया को एक साथ जोड़ने का काम कर रहा है।