Kingdom OTT Release: साउथ इंडस्ट्री के बेहतरीन एक्टर विजय देवरकोंडा (Vijay Deverakonda) की स्पाई थ्रिलर फिल्म 'किंगडम' (Kingdom) ने 31 जुलाई के दिन दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। फिल्म के ट्रेलर को ऑडियंस ने खूब पसंद किया था लेकिन जब यह मूवी सिनेमाघरों में पहुंची तो लोगों का प्यार इसे नहीं मिला। शानदार ओपनिंग लेने के बाद भी यह मूवी बॉक्स ऑफिस पर खास कमाई नहीं पाई। बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरने के बाद अब निर्माताओं ने विजय देवरकोंडा की फिल्म 'किंगडम' को ऑनलाइन पेश करने का फैसला कर लिया है। आइए जानते हैं यह मूवी कब और कहां रिलीज होगी।
नेटफ्लिक्स इंडिया साउथ नाम के एक्स अकाउंट पर विजय देवरकोंडा की फिल्म 'किंगडम' का एक पोस्टर साझा किया गया। इस पोस्टर को साझा करने के साथ यह भी जानकारी दी गई कि 'किंगडम' को 27 अगस्त के दिन नेटफ्लिक्स पर ऑनलाइन स्ट्रीम कराया जाएगा। विजय देवरकोंडा के फैन्स के लिए यह एक बड़ी खबर है। जिन लोगों ने फिल्म को सिनेमाघरों में जाकर नहीं देखा था, वो अब इसे घर बैठे देख पाएंगे।
गौतम तिन्नानुरी के निर्देशन में बनी फिल्म 'किंगडम' में विजय देवरकोंडा के साथ भाग्यश्री बोरसे अहम रोल में नजर आई थीं। फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल ना मचा पाई हो लेकिन दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री लोगों को काफी पसंद भी आई थी। इस मूवी में वेंकटेश वीपी, भूमि शेट्टी, मनीष चौधरी, अयप्पा पी. शर्मा, गोपाराजू रमना, रोहिणी, मुरलीधर गौड़ और बाबूराज सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
