Fauji 2 Vicky Jain: फिल्म निर्माता संदीप सिंह( Sandeep Singh) ने अपने नए टीवी शो का ऐलान किया है। यह शो कोई और नहीं बल्कि शाहरुख खान का हिट शो 'फौजी' का पार्ट 2 है, जिसे संदीप सिंह गौहर खान( Gauhar Khan) और विक्की जैन ( Vicky Jain) के साथ बना रहे हैं। इसका ऐलान आज मंगलवार को किया गया है। आज सुबह फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने अपने ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी देते हुए फैंस को हैरान कर दिया। दूरदर्शन के साथ मिलकर इस नए शो को प्रसारित किया जाएगा।
शाहरुख खान ( Shahrukh Khan ) का हिट शो जो दूरदर्शन पर आता था लोग उसे देखने के लिए घंटों टीवी के आगे बैठे रहते थे। ये शो खूब पॉपुलर हुआ था, अब संदीप सिंह इसका दूसरा पार्ट बनाने जा रहे हैं, जिसने फैंस को उत्साहित कर दिया है। फौजी 2 नाम के इस शो को गौहर खान और अंकिता लोखंडे के पति विक्की जैन को-प्राड्यूस कर रहे हैं। संदीप सिंह ने भारत के राष्ट्रीय प्रसारक दूरदर्शन के सहयोग से फौजी 2 को लेकर आ रहे हैं। शो में 12 नए कलाकार भी शामिल होंगे जिसके नाम हैं, आशीष भारद्वाज, उत्कर्ष कोहली, रुद्र सोनी, अमरदीप फोगट, अयान मनचंदा, नील सतपुड़ा, सुवंश धर, प्रियांशु राजगुरु, अमन सिंह दीप, उदित कपूर, मानसी और सुष्मिता भंडारी।
निशांत चन्द्रशेखर और अभिनव पारीक द्वारा निर्देशित, फौजी 2 दूरदर्शन पर प्रसारित होगी और हिंदी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, पंजाबी और बंगाली में उपलब्ध होगी। फौजी 2 का निर्माण संदीप सिंह ने विक्की जैन और जफर मेहदी के साथ मिलकर किया है।
