Riddhima Pandit Breaks Silence On Marriage Rumors With Shubhman Gill: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस रिद्धिमा पंडित ने अपनी एक्टिंग से लोगों का खूब दिल जीता है। रिद्धिमा पंडित को 'बहू हमारी रजनीकांत' में खूब पसंद किया गया था। वह 'बिग बॉस ओटीटी सीजन 1' में भी नजर आ चुकी हैं। लेकिन इन दिनों रिद्धिमा पंडित अपने करियर से इतर शुभमन गिल संग शादी की खबरों के कारण चर्चा में बनी हुई हैं। दोनों को लेकर खबर भी आई थी कि वे दिसंबर तक शादी के बंधन में बंध सकते हैं। इन सभी अफवाहों पर अब रिद्धिमा पंडित (Riddhima Pandit) ने खुद चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने फिल्मीज्ञान संग बातचीत के दौरान शुभमन गिल (Shubhman Gill) को लेकर काफी बातें भी कहीं।
रिद्धिमा पंडित (Riddhima Pandit) से इंटरव्यू में पूछा गया कि क्या आप और शुभमन गिल (Shubhman Gill) एक-दूजे को डेट कर रहे हैं, सीन क्या है आखिर? इसपर जवाब देते हुए रिद्धिमा पंडित ने कहा, "बिल्कुल नहीं। अगर हम करते भी होते तो... पहली बात तो मैं उन्हें जानती नहीं हूं। वह एक बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन मैं उन्हें नहीं जानती। जब मैं कभी उनसे मिलूंगी तो मुझे पक्का यकीन है कि हम इस बात को लेकर खूब हंसेंगे। मुझे लगता है कि वह बहुत ही ज्यादा क्यूट हैं, लेकिन दुर्भाग्य से हमारे बीच ऐसा कुछ भी नहीं है।"
बता दें कि शुभमन गिल (Shubhman Gill) और रिद्धिमा पंडित (Riddhima Pandit) को लेकर खबर थी कि दोनों दिसंबर में सात फेरे लेंगे और उनकी शादी में किसी भी तरह के फोन या कैमरे की अनुमति नहीं होगी। हालांकि रिद्धिमा पंडित ने पहले भी अपनी शादी की अटकलों पर विराम लगाया था। उनका कहना था कि अगर वह शादी करेंगी तो इसकी जानकारी वह खुद फैंस को देंगी।
