Nikhil Khurana Mother Died: टेलीविजन और फिल्म एक्टर निखिल खुराना (Nikhil Khurana) के परिवार से बेहद दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता की मां का निधन हो गया है। निखिल ने खुद सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपनी मां को याद करते हुए इस दुखद खबर की जानकारी दी। मां के निधन से अभिनेता गहरे सदमे में हैं। उनके इस पोस्ट के बाद फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Ranveer Singh, Ranbir Kapoor और Sidharth Malhotra को नहीं जानते Annu Kapoor)
मां के निधन से भावुक हुए निखिल
अब जब निखिल अपने करियर में लगातार काम कर रहे हैं और नए प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बन रहे हैं, ऐसे समय में मां को खोना उनके लिए बेहद मुश्किल है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। उनके पोस्ट के बाद फैंस और उनके चाहने वाले उन्हें हिम्मत रखने की सलाह दे रहे हैं और उनकी मां को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। निखिल खुराना टीवी और फिल्मों की दुनिया में जाना-पहचाना नाम हैं। उन्हें खास तौर पर टीवी शो ‘जीजाजी छत पर हैं’ में पंचम के किरदार के लिए पहचान मिली। इसके अलावा निखिल खुराना कई दूसरे प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने ‘नूर’, ‘साना’, ‘मेड इन हेवन’ और ‘मर्डर मुबारक’ जैसी फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में काम किया है। फिल्म ‘मर्डर मुबारक’ में उन्होंने वॉर्डन रैक्स यानी राकेश सलदाना का किरदार निभाया था।
‘108 बेस हॉस्पिटल’ में नजर आ रहे हैं निखिल
निखिल इन दिनों टीवी शो ‘108 बेस हॉस्पिटल-उरी’ को लेकर भी चर्चा में हैं। यह शो 15 अगस्त 2026 को कलर्स पर शुरू हुआ था और इसमें निखिल खुराना, एरिका फर्नांडिस और गशमीर महाजनी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इस शो में निखिल मेजर समीर दीक्षित की भूमिका निभा रहे हैं। शो की कहानी उरी में स्थित एक आर्मी बेस हॉस्पिटल के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां डॉक्टर और सेना के जवान मुश्किल परिस्थितियों के बीच लोगों की जान बचाने की कोशिश करते हैं।
