Nakuul Mehta Slams Telugu Star Nandamuri Balakrishna For Pushin Actress Anjali: तेलुगू फिल्मों के सुपरस्टार और राजनेता नंदमुरी बालकृष्ण ने अपनी फिल्मों से भले ही आसमान छुआ है। लेकिन अपने एक वीडियो के कारण वह लोगों की नजर में चढ़ गए हैं। दरअसल, नंदमुरी बालकृष्ण (Nandmuri Balakrishna) ने 'गैंग्स ऑफ गोदावरी' के प्रमोशन के दौरान स्टेज पर एक्ट्रेस अंजली को धक्का दिया था। उनकी इस हरकत ने लोगों का खून खौला दिया। एक एक्ट्रेस के प्रति नंदमुरी बालकृष्ण का रवैया लोगों को बिल्कुल पसंद नहीं आया। आम लोग तो साउथसुपरस्टार को ताना मार ही रहे हैं। वहीं अब टीवी एक्टर नकुल मेहता (Nakuul Mehta) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नंदमुरी बालकृष्ण पर सवाल खड़े किये हैं।
नकुल मेहता (Nakuul Mehta) ने अपने ट्विटर हैंडल से नंदमुरी बालकृष्ण (Nandmuri Balakrishna) का वीडियो साझा किया, जिसमें वह एक्ट्रेस अंजली को धक्का देते नजर आए। इस वीडियो पर नाराजगी जाहिर करते हुए नकुल मेहता ने लिखा, "किसी एक इंसान ने भी अपनी असहजता जाहिर नहीं की। किसी एक ने भी नहीं। एक 'जेंटलमैन' द्वारा बेहूदा व्यवहार।" बता दें कि वीडियो में नंदमुरी बालकृष्ण स्टेज पर एक्ट्रेस नेहा शेट्टी और अंजली को खिसकने के लिए कहते हैं। इसके बाद वह अंजली को धक्का दे देते हैं, जिससे उनका बैलेंस बिगड़ जाता है। नंदमुरी बालकृष्ण के इस कदम से जहां एक्ट्रेस नेहा शेट्टी हैरान रह जाती हैं तो वहीं अंजली हंसने लगती हैं।
'गैंग्स ऑफ गोदावरी' के प्रमोशन से वायरल हुए इस वीडियो में लोगों को जितना गुस्सा नंदमुरी बालकृष्ण (Nandmuri Balakrishna) की हरकत पर आया। उतनी ही नाराजगी लोगों ने अंजली के हंसने पर भी जाहिर की। बता दें कि मामले के बाद अंजली ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट से एक वीडियो शेयर कर नंदमुरी बालकृष्ण को अपना अच्छा दोस्त बताया, लेकिन लोगों ने उन्हें ताने मारने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
