Eijaz Khan Breaks Silence On Allegation Of Forcing Pavitra Punia for Conversion: टीवी के मशहूर एक्टर एजाज खान ने अपनी एक्टिंग से इंडस्ट्री में जबरदस्त पहचान बनाई है। एजाज खान ने टीवी की दुनिया के साथ-साथ बॉलीवुड में भी हाथ आजमाया है। वह 'तनु वेड्स मनु' से लेकर 'जवान' जैसी कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं। लेकिन हाल ही में एजाज खान अपने करियर से इतर निजी जिंदगी के कारण चर्चा में आ गए हैं। दरअसल, नाम लिये बगैर उनकी एक्स गर्लफ्रेंड पवित्रा पुनिया ने उन्हें घमंडी कहा। इसके साथ ही ये दावे भी लगने लगे कि एजाज खान (Eijaz Khan) ने पवित्रा पुनिया को धर्म परिवर्तन के लिए कहा था और इसी वजह से उनका ब्रेकअप हुआ है। लेकिन अब इस मामले पर खुद एजाज खान की ओर से बयान सामने आया है।
एजाज खान (Eijaz Khan) के प्रवक्ता ने धर्म परिवर्तन के दावों को पूरी तरह से झूठ बताया है। एजाज खान की ओर से जारी बयान में कहा गया, "एजाज खान ऐसे परिवार से नाता रखते हैं, जहां हर धर्म के लोग मौजूद हैं। एक्टर हर धर्म का त्यौहार बेहद खुशी से मनाते हैं और इसका सबूत उनके सोशल मीडिया एकाउंट पर भी नजर आता है। ये दावे न केवल एजाज खान की निजी जिंदगी पर असर कर रहे हैं, लेकिन इससे उन्हें व्यावसायिक जिंदगी में भी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।" एजाज खान के प्रवक्ता ने बताया कि इन धर्म परिवर्तन के दावों के कारण उनके पिता से लगातार सवाल किये जा रहे हैं।
एजाज खान (Eijaz Khan) के प्रवक्ता ने धर्म परिवर्तन के दावों को झुठलाते हुए कहा, "उनके पापा को दोस्तों के पास से ये पूछने के लिए फोन आ रहे हैं कि क्या एजाज ने अपनी गर्लफ्रेंड को इस्लाम कबूल करने के लिए कहा था। उन्हें बहुत झटका लगा है, क्योंकि एजाज और पवित्रा के रिश्ते से वही सबसे ज्यादा खुश थे। उनके रिलेशनशिप में धर्म कभी कोई मुद्दा था ही नहीं, लेकिन अब इसे घसीटा जा रहा है।" बता दें कि पवित्रा पुनिया से भी जब धर्म परिवर्तन के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कह दिया था कि धर्म हमारे बीच में कभी परेशानी नहीं बना और उन्होंने शुरुआत में ही साफ कर दिया था कि वह कनवर्ट नहीं होंगी।
