Bigg Boss OTT 2: कल रात बिग बॉस ओटीटी 2( Bigg Boss OTT 2) शो में खूब हंगामा हुआ। शो के 25 वें एपिसोड में बिग बॉस ने घर के सभी सदस्यों के बीच जमकर बहस करवाई। शो के बीते एपिसोड में नॉमिनेशन टास्क हुआ जिसमें अभिषेक और जिया को जज बनाया गया। नॉमिनेशन के लिए घर के सभी सदस्यों के बीच तीखी नोक झोंक हुई जिसमें कंटेस्टेंट ने एक दूसरे को टारगेट किया। इस टास्क में फुकरा इंसान ( Abhishek Malhan) ने मनीषा रानी ( Manisha Rani) को नॉमिनेट करते हुए उसका दिल तोड़ दिया। इसके बाद से ही फैंस ने उन्हें खरी खोटी सुनानी शुरू कर दी। आइए जानते हैं टास्क में क्या हुआ
नॉमिनेशन टास्क
सलमान खान ( Salman Khan) के रीएलिटी शो बिग बॉस में बीती रात खूब हंगामा हुआ। बिग बॉस ने घर के सभी सदस्यों को टास्क दिया कि वह अपनी सबसे कीमती चीज को क़ुर्बान करें और उसके बदले घर के किसी एक सदस्य को नॉमिनेट करें। इस नॉमिनेशन टास्क का जज जिया शंकर ( Jiya Shankar) और अभिषेक मल्हान ( Abhishek Malhan) को बनाया गया था। उन दोनों को घर के सदस्यों की सबसे कीमती चीज की कुर्बानी के आधार पर ये तय करना था कि इस बार घर से कौन नॉमिनेट होगा। इस टास्क में फलक नाज( Falaq Naaz) और मनीषा रानी( Manisha Rani) के बीच टक्कर हुई। मनीषा ने फलक को नॉमिनेट किया तो वहीं फलक ने मनीषा को टारगेट किया।
अभिषेक ने किया मनीषा को नॉमिनेट
दोनों की कीमती चीज और नॉमिनेशन का कारण देखते हुए अभिषेक ने मनीषा को नॉमिनेट कर दिया। अपने सबसे अच्छे दोस्त अभिषेक को ऐसा करते देख मनीषा का दिल टूट गया। वहीं सभी घर के सदस्यों को भी यह बात रास नहीं आई कि अभिषेक ने फलक को छोड़ अपनी दोस्त मनीषा को टारगेट कर दिया। इन सब के बीच अभिषेक ने सफाई देते हुए कहा कि उसने फेयर गेम खेला है जो सही था उसने वही किया। वहीं मनीषा रानी के फ़ैन अभिषेक के इस फ़ैसले से नाराज नजर आए। यूजर्स ने अभिषेक की क्लास लगाते हुए कहा कि ये अपनी दोस्ती के लिए इतना नहीं कर सकता। मनीषा को नॉमिनेट होने से नहीं बचा सकता।
जानकारी के लिए बता दें कि इस हफ़्ते घर से बेघर होने के लिए मनीषा रानी, पूजा भट्ट, बेबिका ध्रुवे, अविनाश सचदेव को नॉमिनेट किया गया है।
