Salman Khan security at BB19 set: बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान को काफी समय से जान की धमकियां मिल रही हैं, जिसके चलते उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। धमकियों का ही नतीजा है कि सलमान खान के घर की बालकनी में भी बुलेट प्रूफ ग्लास लगवाया गया है, जहां से वो फैंस को दर्शन देते हैं। भाईजान इन दिनों बिग बॉस 19 को शूट कर रहे हैं, जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। शो के निर्माता ऋषि नेगी ने मीडिया से बात करते हुए बताया है कि वो भी भाईजान की सुरक्षा का खास ध्यान रख रहे हैं। क्योंकि सलमान खान को जान से मारने की धमकियां मिली हैं, जिस कारण बिग बॉस 19 के मेकर्स ने सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किए हैं। इन इंतजामों के तहत सेट पर लाइव ऑडियंस तक रखने की इजाजत नहीं दी गई है।
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए ऋषि नेगी ने बताया है, "बिग बॉस 19 पर लगभग 600 लोग काम कर रहे हैं। हमने इतने लोगों के लिए 3 शिफ्ट्स डिजाइन की हैं ताकि 24 घंटे काम चलता रहे। हमने कोशिश की है कि सेट पर पुरुष और महिलाओं की समान संख्या रहे। जहां तक बात है सेट पर सिक्योरिटी की तो उसके लिए कड़े कदम उठाए गए हैं।"
ऋषि नेगी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, "हमने पिछले 2.5 सालों में सिक्योरिटी काफी हद तक बढ़ाई है क्योंकि भाईजान को लगातार धमकियां मिल रही हैं। जब सलमान खान सेट पर होते हैं तब हम लाइव ऑडियंस भी नहीं बुलाते हैं। इसके साथ-साथ सेट पर कौन रहेगा और कौन नहीं, इसको लेकर कड़े निर्देश हैं। हम शो के लिए जिसको भी कास्ट करते हैं, उसके बैंकग्राउंड की खास जांच होती है।" बताते चलें कि सलमान खान को लॉरेंस विश्नोई गैंग से कई बार धमकियां मिली हैं और एक दफा तो उनके घर पर गोलियों से हमला भी हुआ है। इसके बाद से ही भाईजान की सुरक्षा का खास ध्यान रखा जा रहा है।
