Bigg Boss 18 Promo: रियलिटी शो बिग बॉस 18 इन दिनों काफी सुर्खियों में बना हुआ है। शो में दिखाए जा रहे कंटेन्ट को लेकर एंटेरटेन्मेंट गलियारों में खूब बातें की जा रही हैं। शो की टीआरपी लाने के लिए मेकर्स एड़ी चोटी का जोर लगाते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मेकर्स ने घर में होने वाले टाइम गॉड टास्क का प्रोमो जारी कर दिया है। प्रोमो में देखने को मिला कि कैसे रजत दलाल के खिलाफ पूरा घर एक जुट होकर खड़ा हो गया है। इस पूरी लड़ाई का कारण है टाइम गॉड की गद्दी।
बिग बॉस 18 (Bigg Boss 18) के लेटेस्ट प्रोमो में देखने को मिला कि मेकर्स ने घर के अंदर टाइम गॉड टास्क का आयोजन किया है। इस टास्क में चारों उम्मीदवार अविनाश मिश्रा, चुम दरांग, श्रुतिका अर्जुन और रजत दलाल को हाथ में पानी का कटोरा लेकर लगातार गोले के चक्कर काटने को कहा गया। ऐसे में रजत दलाल (Rajat Dalal) अपने साथ वाले प्रतियोगियों को धक्का मार आगे बढ़ने की कोशिश करते हुए नजर आए। बस फिर यही देख सभी घरवाले रजत दलाल पर चढ़ उन्हे खरी खोटी सुनाने लगते हैं। विवियन डिसेना तो ये तक कह देते हैं कि ''रजत ये पहलवानी का टास्क नहीं है।'' वहीं दूसरी तरफ श्रुतिका अर्जुन 'गुंडा' और चाहत पांडे 'खोखला इंसान' कहकर रजत पर हमला कर देते हैं।
ऐसे में घरवालों को अपने खिलाफ देख रजत दलाल धमकी देते हुए कहते हैं कि ''जो उखड़े उखाड़ लेना मिल के। 14 के 14 कंटेस्टेंट मिलकर खड़े हो जाओ जो फाड़ना है फाड़ लेना।'' घर में टाइम गॉड बनने के लिए दूसरी महभारत कंटेस्टेंट्स के बीच शुरू हो गई है। रिपोर्ट्स की मानें तो इस हफ्ते टाइम गॉड की गद्दी पर अविनाश मिश्रा बैठ गए हैं। साथ ही बताते चलें कि घर से इस हफ्ते बेघर होने के लिए छह लोग नॉमिनेटेड हैं।
