Bigg Boss 11 Fame Sapna Choudhary In Legal Problem: हरियाणा की डांसिंग क्वीन और 'बिग बॉस 11' की चर्चित कंटेस्टेंट रह चुकीं सपना चौधरी हमेशा ही सुर्खियों में रहती हैं। सपना चौधरी ने अपने डांस के साथ-साथ अपने गानों से भी खूब वाहवाही लूटी है। लेकिन हाल ही में सपना चौधरी अपने कोर्ट केस के कारण चर्चा में आ गई हैं। सपना चौधरी के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले को लेकर कोर्ट केस चल रहा था, जिसमें अब जज ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। साथ ही मामले की अगली सुनवाई भी अक्टूबर में तय की गई है।
बताया जा रहा है कि सपना चौधरी के खिलाफ बिजनेस से जुड़ी गतिविधियों को लेकर पैसे लेने का आरोप है। इसके साथ ही उनपर ये भी आरोप है कि सपना चौधरी ने अपने फायदे के लिए उन फंड्स का इस्तेमाल किया है। मामले को लेकर सपना चौधरी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 406 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के बाद इकॉनोमिक ऑफेंसेस विंग ने सपना चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, साथ ही चार्जशीट भी फाइल की थी।
सपना चौधरी से जुड़े इस मामले में सुनवाई करते हुए दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट की मुख्य न्यायधीश रश्मि गुप्ता ने गैर-जमानती वारंट जारी किया। उन्होंने इसपर कहा, "आरोपी की ओर से सुनवाई के आखिरी दिन छूट मांगी गई थी। आज भी आरोपी को बार-बार बुलाने के बाद भी वह कोर्ट में पेश नहीं हुईं। ऐसे में आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया जाएग, जिसे अगली सुनवाई पर लौटाया जाएगा।" बता दें कि सपना चौधरी से जुड़े इस मामले की अगली सुनवाई 25 अक्टूबर को होगी।
