Archana Gautam Break Silence On Horryifying Attack: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस और 'बिग बॉस 16' फेम अर्चना गौतम (Archana Gautam) ने अपने अंदाज से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। लेकिन हाल ही में अर्चना गौतम अपने साथ हुए हादसे के कारण चर्चा में आ गई हैं। दरअसल, अर्चना गौतम के साथ कांग्रेस दफ्तर के बाहर मारपीट हुई। उनके साथ-साथ उनके पिता और ड्राइवर को भी लोगों ने पीटा। इस मामले पर अब अर्चना गौतम ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने मीडिया के सामने बताया कि किसी ने उनके बाल खींचे तो किसी ने उन्हें मारने की कोशिश की।
अर्चना गौतम (Archana Gautam) ने जूम से बातचीत के दौरान बताया कि वह अपनी दीदी यानी प्रियंका गांधी को महिला आरक्षण बिल के लिए बधाइयां देने गई थीं। लेकिन उन्हें दफ्तर में कदम रखने से रोक दिया गया। इस बारे में बात करते हुए अर्चना गौतम ने कहा, "मैं दीदी को बधाइयां देने के लिए संसद गई थी। मैं अपने पिता और भाई के साथ थी। लेकिन जैसे ही मैं वहां पहुंचीं, गेट पर खड़े शख्स ने मुझे अंदर घुसने से रोक दिया। मैंने जब उससे पूछा तो उसने कहा कि मुझे अंदर जाने से मना किया गया है। इस बीच कुछ महिलाएं मेरी तरफ आईं और मुझे समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या।"
अर्चना गौतम (Archana Gautam) का दर्द यहीं नहीं खत्म हुआ। उन्होंने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा, "मेरे पापा ने कहा कि ये लोग हमसे लड़ने वाले हैं तो हमें वापिस चलना चाहिए। हम जैसे ही जाने लगे, उन औरतों ने मेरा पीछा करना शुरू कर दिया। उन्होंने मेरे बाल नोचे, मुझे थप्पड़ मारा और मेरे ड्राइवर को भी मारा जो कि बेहोश हो गया। औरतों ने भी मेरे साथ बदतमीजी की। मुझे हैरानी होती है कि उन्हें मुझपर दया क्यों नहीं आई। मैं वहां से गुजर रहे लोगों से मदद मांग रही थी। मुझे पता नहीं कि मेरी गलती क्या थी और मैंने क्या किया था।"
