S. S. Rajamouli in trouble: साउथ के पॉपुलर डायरेक्टर एसएस राजामौली की अपकमिंग फिल्म वाराणसी का अच्छा खासा बज बना हुआ है। हाल ही में हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में एसएस राजामौली की फिल्म के टाइटल और टीजर लॉन्च के लिए ग्लोबट्रॉटर इवेंट का आयोजन किया गया था। इस इवेंट में प्रियंका चोपड़ा समेत कई बड़े स्टार्स नजर आए। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियोज इंटरनेट पर अबतक छाए हुए है। हालांकि इस इवेंट में एसएस राजामौली ने कुछ ऐसा कह दिया है कि वो विवादों में फंस गए हैं। एसएस राजामौली ने भगवान हनुमान को लेकर ऐसी बात कही है, जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचा है। आइए नजर डालते है इस रिपोर्ट पर...
भगवान हनुमान पर बयान देना एसएस राजामौली को पड़ा भारी
डायरेक्टर एसएस राजामौली इन दिनों विवादों में घिर गए हैं क्योंकि उन्होंने टीजर रिलीज वाले इवेंट में भगवान हनुमान के बारे में विवादित बयान दे दिया था। 15 नवंबर को महेश बाबू की आने वाली फिल्म का फर्स्ट लुक जारी करने के इस कार्यक्रम में कुछ तकनीकी दिक्कतें आईं। इससे नाराज होकर राजामौली ने मंच से तेलुगु में कहा, 'मुझे भगवान पर ज्यादा विश्वास नहीं है। मेरे पिताजी ने कहा था कि हनुमान जी मेरे पीछे-पीछे चलते हैं और मेरी मदद करते हैं, लेकिन ये तकनीकी समस्या देखकर मुझे बहुत गुस्सा आ गया। क्या यही मदद करना है।' उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आलोचना की और इसे हिंदुओं की भावनाओं को चोट पहुंचाने वाला बताया। राष्ट्रीय वानर सेना ने हैदराबाद के सरूरनगर पुलिस स्टेशन में राजामौली के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि इस इवेंट में महेश बाबू की फिल्म का पोस्टर भी जारी किया गया जिसमें वे रुद्र के किरदार में त्रिशूल लिए बैल पर सवार दिखाई दिए।
प्रियंका चोपड़ा निभाएंगी ये किरदार
बताते चलें कि फिल्म वाराणसी के साथ प्रियंका चोपड़ा इंडियन सिनेमा में वापसी कर रही हैं और वो इसमें 'मंदाकिनी' का किरदार निभा रही हैं। काफी समय से प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड में काम कर रही है। अब उनकी वापसी से फैंस काफी ज्यादा खुश हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म के लिए लगभग 30 करोड़ रुपये फीस चार्ज की है, जिससे वो भारत की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली हसीनाओं में शामिल हो गई हैं।
