Dr. Manmohan Singh Death: डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पूरा देश शोक मना रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार यानी 26 दिंसबर को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट के अनुसार मनमोहन सिंह ने दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली। डॉ. सिंह ने 2004 से 2014 तक दो कार्यकालों के लिए भारत के प्रधान मंत्री के रूप में कार्य किया। उनके निधन की खबर सुनकर साउथ सितारों ने भी दुख जताया है।
डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म पंजाब के एक गांव में 1932 में हुआ था। एक साधारण परिवार में जन्मे मनमोहन सिंह ने कड़ी मेहनत कर काफी नाम कमाया। उनके निधन के कारण भारत सरकार ने सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। आइए जानते हैं कि साउथ के किन-किन हस्तियों ने डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी है। एक्टर से नेता बने तमिल सुपरस्टार विजय ने भी दुख जताया है। विजय थलापति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा-"पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से बहुत दुखी हूं। उन्होंने बहुत ही बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया, जिन्होंने कम बोला लेकिन बहुत कुछ किया।"
चिरंजीवी ने जताया दुख
चिरंजीवी कोनिडेला ने भी डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा- "हमारे देश के सबसे महान राजनेताओं में से एक के निधन से गहरा दुख हुआ है। वित्त मंत्री के रूप में उनके दूरदर्शी और खेल-परिवर्तनकारी योगदान और भारत के 13वें प्रधानमंत्री के रूप में उनका सफल कार्यकाल इतिहास में अंकित रहेगा।"
ममूटी ने दी श्रद्धांजलि
ममूटी ने भी दुख जताते हुए कहा-"डॉ. मनमोहन सिंह की आत्मा को शांति मिले। आपकी बुद्धिमत्ता, विनम्रता और राष्ट्र के प्रति आपकी सेवा को सदैव याद रखा जाएगा।"
अल्लू अर्जुन और वरुण तेज ने जताया दुख
अल्लू अर्जुन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "राष्ट्र के प्रति उनका नेतृत्व और समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। वरुण तेज ने पोस्ट किया, "डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर बहुत दुख हुआ। एक दूरदर्शी नेता, भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा संजोया जाएगा।"
कमल हासन ने दी श्रद्धांजलि
कमल हासन ने दुख जताते हुए कहा-भारत ने अपने सबसे प्रतिष्ठित राजनेताओं और विद्वानों में से एक को खो दिया है। डॉ. मनमोहन सिंह का निधन भारतीय राजनीति में एक युग का अंत है।
