Rashmika shooting for Thama Movie: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के अपने करियर की शुरुआत करने वाली अदाकारा रश्मिका मंदाना ने अपनी नई फिल्म थामा की शूटिंग शुरू कर दी है। रश्मिका मंदाना ने फिल्म थामा के सेट से पहली तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की है, जिसके माध्यम से उन्होंने फैंस को बताया है कि वो अगले कुछ दिनों तक थामा की शूटिंग के चलते ऊटी में ही रहेंगी। रश्मिका ने इंस्टाग्राम पर जो फोटो शेयर की है, उसमें ऊटी के जंगल दिखाई पड़ रहे हैं और अदाकारा ने लिखा है, 'अगले कुछ दिन ऊटी में ही...।'
स्त्री हॉरर यूनिवर्स की नई फिल्म है थामा
जिन्हें नहीं पता है, उन्हें हम बता दें कि फिल्म थामा दिनेश विजान के हॉरर यूनिवर्स की अगली मूवी है। स्त्री से शुरू हुआ हॉरर यूनिवर्स लगातार बढ़ रहा है और दिनेश विजान इसके अंतर्गत नई-नई फिल्मों का निर्माण कर रहे हैं। फिल्म थामा में रश्मिका मंदाना पहली दफा कलाकार आयुष्मान खुराना के साथ काम करती दिखाई देंगी। इससे पहले इन दोनों ने कभी भी साथ में काम नहीं किया है। आयुष्मान और रश्मिका के साथ-साथ थामा में नवाजुद्दीन सिद्दिकी, परेश रावल, वरुण धवन, विनय पाठक और अपारशक्ति खुराना के भी अहम किरदार होंगे।
थामा में वरुण धवन करेंगे गेस्ट अपीयरेंस
अगर मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की फिल्म थामा में वरुण धवन गेस्ट अपीयरेंस करते दिखाई देंगे। दिनेश विजान जब भी हॉरर यूनिवर्स की नई फिल्म लाते हैं तो उसके अंत में अगली कड़ी की कुछ झलकी दिखाते हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि थामा के बाद दिनेश विजान भेड़िया 2 रिलीज करेंगे, जिसमें वरुण का अहम किरदार होगा। यही कारण है कि थामा के अंत में वरुण गेस्ट अपीयरेंस करते दिखेंगे।
