Ramya File Complaint Against Darshan Fans: कन्नड़ सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस और पूर्व सांसद राम्या इन दिनों चर्चा में बनी हुई हैं। हाल ही में राम्या ने सोशल मीडिया ट्रोल्स के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दरअसल, राम्या को कन्नड़ एक्टर दर्शन के फैंस सोशल मीडिया पर लगातार बलात्कार और जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। इसपर अब एक्ट्रेस ने सख्त कदम उठाया है। इस मामले पर कन्नड़ एक्ट्रेस राम्या ने बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की है और ट्रोल्स को कड़ा संदेश दिया है। वहीं राम्या ने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी भी तोड़ी है।
राम्या ने कही ये बात
इंडिया टुडे से बातचीत करते हुए राम्या ने ये साफ कर दिया है कि वो इन धमकियां से डरने नहीं वाली हैं बल्कि वो इसके खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। रम्या ने कहा, 'बेंगलुरु कमिश्नर आज मिलने का समय दे रहे हैं, तो मैं उनसे मिलने जा रही हूं। मैंने अपने वकीलों से बात की है, और हम शिकायत के लिए सारे मैसेज जोड़ रहे हैं। ये बहुत दुखद और शर्म की बात है कि महिलाओं के साथ बदतमीजी अब आम हो गई है, और लोग आसानी से बच निकलते हैं। रम्या ने आगे कहा 'जब औरतें कुछ बोलती हैं, तो लोग सबसे पहले उनके चरित्र पर कीचड़ उछालते हैं।'
कन्नड़ एक्ट्रेस राम्या को मिला सर्मथन
जानकारी के लिए बता दें कि कर्नाटक महिला आयोग ने इस मामले में राम्या का साथ दिया है। आयोग ने इस मुद्दे पर बेंगलुरु कमिश्नर को चिट्ठी लिखी है। चिट्ठी में कहा गया, 'सोशल मीडिया पर पूर्व सांसद और एक्ट्रेस राम्या के खिलाफ गलत बातें फैलाई जा रही हैं। इससे औरतों की इज्जत को ठेस पहुंच रही है। महिला आयोग ने इस बात को बहुत गंभीरता से लिया है। इसलिए, हम आपसे गुजारिश करते हैं कि इसकी जांच करें, सोशल मीडिया पर ऐसी गलत चीजें तुरंत बंद करें, और इसमें शामिल लोगों पर एक्शन लें। वहीं दर्शन की बात करें तो उन्हें साल 2024 में रेणुकास्वामी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
