Prashanth Varma Reveals About Hanuman Sequel: साउथ के मशहूर एक्टर तेजा सज्जा की 'हनुमान' इसी महीने रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचाकर रख दिया। तेजा सज्जा की हनुमान ने न केवल महेश बाबू की मूवी को कड़ी टक्कर दी, बल्कि कैटरीना कैफ और विजय सेतुपति की 'मैरी क्रिसमस' को भी पानी पिला दिया। 'हनुमान' (Hanuman) की अपार सफलता ने फिल्ममेकर प्रशांत वर्मा की जिंदगी पर भी असर डाला है। मूवी के सफल होने के बाद प्रशांत वर्मा (Prashanth Varma) ने खुलासा किया कि अब वह इसके सीक्वल पर काम कर रहे हैं। जूम संग बातचीत के दौरान प्रशांत वर्मा ने हनुमान के सीक्वल के बारे में बताया, साथ ही इसके टाइटल का भी खुलासा किया।
यह भी पढ़ें: HanuMan Box Office: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले हनुमान ने की धुआंधार कमाई, भारत में पार किया ये आंकड़ा
'हनुमान' (Hanuman) के बारे में बातचीत के दौरान प्रशांत वर्मा (Prashanth Varma) से सवाल किया गया कि क्या इसकी सफलता ने उनके जीवन पर भी असर किया है। इसपर प्रशांत वर्मा ने कहा, "मुझे लगता है कि इसने हमेशा के लिए मेरी जिंदगी बदल दी है। बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के अलावा एक फिल्ममेकर और स्टोरीटेलर के तौर पर मुझे जो सराहना और सम्मान मिल रहा है, ये मुझे और भी सादगी पसंद और काम के प्रति सतर्क बनाता है।"
प्रशांत वर्मा (Prashanth Varma) ने बताया कि वे 'हनुमान' (Hanuman) के सीक्वल पर भी काम कर रहे हैं। उन्होंने इस सिलसिले में कहा, "हनुमान' के सीक्वल के लिए हमारे पास पहले से ही प्लान मौजूद थे। हम बाकी सुपरहीरो मूवीज पर भी काम कर रहे हैं। लेकिन हम केवल इतना चाहते थे कि हनुमान अपनी लागत वसूल ले, जिससे बाकी फिल्म्स को बनाने में परेशानी न हो। ये मुझे मेरे माइथोलॉजिकल युनिवर्स को आगे बढ़ाने में मदद करेगा।" प्रशांत वर्मा ने बताया कि 'हनुमान' का सीक्वल इससे भी ज्यादा ग्रैंड होने वाला है। उन्होंने इस सिलसिले में कहा, "हमने एक स्टोरी तलाश ली है। हमारी टीम ने 'हनुमान' के सीक्वल यानी 'जय हनुमान' पर काम शुरू कर दिया है।"
