Sreelela joins Dostana 2: निर्माता करण जौहर ने साल 2021 में कार्तिक आर्यन और जाह्नवी कपूर के साथ दोस्ताना 2 का ऐलान किया था, जिसकी शूटिंग भी शुरू हो गई थी। शूटिंग के कुछ समय के बाद कार्तिक आर्यन ने दोस्ताना 2 से अपने हाथ पीछे खींच लिए थे क्योंकि मेकर्स के साथ उनके कुछ क्रिएटिव डिफरेंसेज हो गए थे। इसके बाद दोस्ताना 2 ठंडे बस्ते में चली गई थी और फिर कभी भी इसकी शूटिंग शुरू नहीं हो पायी। अगर ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो करण जौहर ने दोस्ताना 2 को दोबारा फ्लोर पर लाने का प्लान बनाया है लेकिन इसकी स्टारकास्ट में कई बड़े बदलाव हुए हैं।
न्यूज 18 इंडिया की ताजा खबर के मुताबिक, 'फिल्म दोस्ताना 2 की कहानी में ज्यादा बदलाव नहीं किए जाएंगे। करण जौहर ने फिल्म की कास्ट और डायरेक्टर को बदलने का प्लान बनाया है। फिल्म दोस्ताना 2 में जाह्नवी कपूर लीड रोल निभाने वाली थीं, जिनकी जगह साउथ अदाकारा श्रीलीला को लिया जाएगा। पुष्पा 2 में कमाल का डांस नम्बर करने वाली श्रीलीला की हिन्दी दर्शकों में जबरदस्त फॉलोइंग बढ़ी है, जिस कारण मेकर्स ने दोस्ताना 2 के लिए उन्हें साइन किया है।'
सूत्र ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा है, 'श्रीलीला इन दिनों कार्तिक आर्यन संग अनुराग बसु की नई रोमांटिक मूवी में व्यस्त हैं, जिस कारण हर ओर उनकी चर्चा हो रही है। श्रीलीला को लेकर लोगों में पॉजिटिव व्यू है, जिस कारण मेकर्स ने उन्हें कास्ट करने का मन बनाया है।'
श्रीलीला के साथ-साथ दोस्ताना 2 के मेकर्स ने कार्तिक आर्यन वाले पार्ट के लिए भी नया एक्टर तलाश लिया है। मेकर्स विक्रांत मैसी को कार्तिक आर्यन वाले पार्ट के लिए साइन कर रहे हैं। इन दोनों कलाकारों के अलावा लक्ष्य भी मुख्य किरदार में दिखाई देंगे। लक्ष्य को करण जौहर ने ही फिल्म किल से बॉलीवुड में लॉन्च दिया है।
