साउथ के सुपरस्टार चिरंजीवी अक्सर सुर्खियों में बने हुए रहते हैं। कुछ दिनों से ऐसी अफवाहें थी कि चिरंजीवी की मां की तबीयत खराब है और वो अस्पताल में भर्ती है, लेकिन इन अफवाहों को एक्टर ने खारिज किया है और पोस्ट शेयर कर अपनी मां का हाल बताया है। आइए जानते हैं कि कैसी हैं चिरंजीवी की मां।
मेगास्टार चिरंजीवी ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी मां के अस्वस्थ होने और अस्पताल में भर्ती होने की अफवाहों को खारिज किया है। पोस्ट करते हुए एक्टर ने लिखा-"मेरा ध्यान कुछ मीडिया रिपोर्टों की ओर गया है, जिसमें दावा किया गया है कि हमारी मां अस्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि वह पिछले कुछ दिनों से थोड़ी अस्वस्थ थीं। वह स्वस्थ हैं और अब बिल्कुल ठीक हैं। सभी मीडिया से अपील है कि उनकी सेहत के बारे में कोई भी अटकलबाजी वाली रिपोर्ट प्रकाशित ना करें। आपकी समझदारी की सराहना करता हूं।"
फ्लाइट में सेलिब्रेट की शादी की सालगिरह
दो दिनों पहले चिरंजीवी ने पत्नी सुरेखा के साथ फ्लाइट में अपनी 46वीं शादी की सालगिरह मनाई थी। एक्टर ने दुबई की फ्लाइट के दौरान इस खास दिन को सेलिब्रेट किया था। इस दिन को खास तरीके से मनाते हुए एक्टर ने तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की थी।
इस फिल्म में नजर आएंगे चिरंजीवी
चिरंजीवी जल्द ही विश्वम्भर में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को मल्लिदी वशिष्ठ द्वारा लिखित और निर्देशित किया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार ये फिल्म मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
