अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) और रजनीकांत (Rajinikanth) की फिल्म 'वेट्टैयन' (Vettaiyan) को लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है। दोनों सुपरस्टार साथ में इस फिल्म में नजर आने वाले हैं। दोनों ने फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। सेट से रजनीकांत और अमिताभ की तस्वीरें सामने आई हैं। सेट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। वायरल फोटो में दोनों सुपरस्टार साथ में पोज देते हुए नजर आ रहे हैं। एक फोटो में दोनों एक-दूसरे को गले लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं तो दूसरी फोटो में दोनों साथ में खड़े हुए हैं।
दोनों ने साथ में 33 साल पहले 'हम' मूवी में काम किया था। 'वेट्टैयन' से अमिताभ बच्चन तमिल फिल्मों में डेब्यू कर रहे हैं। फिल्म में दोनों सुपरस्टार्स को साथ में देखना फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है।
'वेट्टैयन' से सामने आईं पहली तस्वीर
पिछले हफ्ते Lyca Production ने फिल्म की रिलीज डेट अनाउंस करते हुए नया पोस्टर शेयर किया था। पोस्टर में रजनीकांत बंदूक चलाते हुए नजर आ रहे थे। ये फिल्म इस साल अक्टूबर महीने में रिलीज होगी। 'वेट्टैयन' रजनीकांत की 170वीं फिल्म है। एक्टर के 73वां जन्मदिन पर मेकर्स ने फिल्म का टीजर शेयर किया था। फिल्म में अमिताभ बच्चन, फहद फासिल, राणा दग्गुबाती, रितिका सिंह, मंजू वारियर और दुशारा विजयन सहित कई कलाकार शामिल हैं। फिल्म के रिलीज का फैंस को बेसब्री से इंतजार है।
रजनीकांत इससे पहले अपनी बेटी ऐश्वर्या के निर्देशन में बनी फिल्म लाल सलाम में नजर आए थे। ये एक तमिल स्पोर्ट्स ड्रामा मूवी थी। फिल्म में रजनीकांत ने मोइद्दीन भाई का कैमियो रोल प्ले किया था। एक्टर के काम को लोगों ने खूब पसंद किया था।
