Deva Box office Day 5: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के टैलेंटेड एक्टर्स में से एक शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) की एक्शन-ड्रामा बेस्ड मूवी 'देवा' को लेकर लोगों के अंदर अलग ही हाइप देखने को मिली थी। इस मूवी के ट्रेलर और गानों को लोगों ने खूब पसंद किया था लेकिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 'देवा' का हर गुजरते दिन के साथ बुरा हाल देखने को मिल रहा है। फिल्म क्रिटिक्स और ऑडियंस की ओर से अच्छे रिव्यू मिलने के बाद भी 'देवा' कमाई के मामले में फिसड्डी साबित हुई है। अब यह मूवी धीरे-धीरे 30 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने को ओर बढ़ रही है। आइए देखें फिल्म 'देवा' (Deva) ने 5वें दिन कितने करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
मंगलवार के दिन 'देवा' ने दर्ज कराई भारी गिरावट
शाहिद कपूर की 'देवा' पिछले हफ्ते 31 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस मूवी में शाहिद कपूर को एक पुलिस अधिकारी के किरदार में देखने के बाद लोगों की ओर से उन्हें खूब तारीफ भी मिली। बॉक्स ऑफिस पर शुरुआती वीकेंड में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद वीक डेज में इसकी कमाई गिर गई है। मंगलवार के दिन यह फिल्म केवल 2.35 करोड़ रुपये ही कमा पाई है। अब तक इस मूवी का टोटल कलेक्शन केवल 24.25 करोड़ रुपये हुआ है।
रोशन एंड्रयूज के निर्देशन में बनी फिल्म 'देवा' शाहिद कपूर के साथ पूजा हेगड़े लीड एक्ट्रेस के रोल में हैं। शाहिद कपूर और पूजा हेगड़े की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री ने लोगों का दिल जीत लिया है। ट्रेड एक्सपर्ट्स की मानें तो आने वाले दिनों में 'देवा' को 50 करोड़ रुपये कमाने में बहुत ही ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। ऐसा इसलिए है क्योंकि 14 फरवरी को विक्की कौशल की 'छावा' मूवी रिलीज होने वाली है।
