Yuvraj Singh Biopic:क्रिकेटरयुवराज सिंह की बायोपिक को लेकर बीते काफी समय से चर्चा लगातार बनी हुई हैं, जिसके बाद अब इसको लेकर आधिकारिक घोषणा भी मंगलवार को टी-सीरीज़ फिल्म्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कर दी है। फिल्म का टाइटल और कास्ट अभी अनाउंस नहीं हुई है। हालांकि सोशल मीडिया पर युवराज सिंह के फैंस के बीच यह खबर अब काफी तेजी से वायरल होने लगी है। बड़े पर्दे पर युवराज सिंह की जिंदगी के बारे में जानने के लिए दर्शक काफी एक्साइटेड हैं।
यह फिल्म क्रिकेट आइकन की वर्ल्डकप हीरो से लेकर कैंसर सर्वाइवर तक के सफर को दिखाने वाली है। युवराज सिंह का सफर काफी उतार चढ़ाव वाला रहा है, उनके लिए जिंदगी आसान नहीं रही है। अब एक फिल्मे के जरिए उनके जिंदगी के सफर को देखना दिलचस्प होने वाला है। इससे पहले भी दर्शकों ने महेंद्र सिंह धोनी की स्पोर्ट्स बायोपिक को खूब पसंद किया था।
थिएटर्स में गूंजेगी युवराज- युवराज का शोर
बायोपिक को लेकर ट्वीट करते हुए मेकर्स ने लिखा, 'पिच से लाखों लोगों के दिल तक राज करने वाले युवराज को फिर से याद करने का समय आ गया है, युवराज सिंह के गौरव की कहानी जल्द ही बड़े पर्दे पर आने वाली है।' टी-सीरीज़ के मालिक भूषण कुमार, एनिमल और कबीर सिंह जैसी फिल्में प्रोड्यूस कर चुके हैं। युवराज की कहानी को फिल्म में दिखाने के लिए वह रवि भागचंदका के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। रवि ने इससे पहले 2017 की सचिन तेंदुलकर डॉक्यूमेंट्री, सचिन: ए बिलियन ड्रीम्स पर भी काम किया था।
