Jackie Shroff World Environment Day 2026: बॉलीवुड के सीनियर एक्टर और नेचर लवर जैकी श्रॉफ (Jackie Shroff) ने विश्व पर्यावरण दिवस पर एक बेहद खूबसूरत और अनोखी पहल की है। महाराष्ट्र के सांगली जिले में उन्होंने सैकड़ों एकड़ जमीन पर हजारों पौधे लगाए। जैकी श्रॉफ ने न सिर्फ खुद पौधे लगाए, बल्कि पूरे देश की जनता से भी पेड़ लगाने की अपील की। जैकी श्रॉफ सांगली के गार्डी-घानवड मैदान में पहुंचे, जहां उन्होंने 4500 पौधों का वृक्षारोपण किया। इस मुहिम में खानापुर-आटपाडी विधानसभा क्षेत्र से शिवसेना विधायक सुहास बाबर भी उनके साथ जुड़े। जैकी श्रॉफ ने इस दौरान नेचर को लेकर बयान भी दिया जिसको लेकर काफी चर्चा हो रही है। (ये भी पढ़ें: Exclusive: Jackie Shroff को बर्थडे पर खल रही है बेटे Tiger Shroff की कमी, बोले 'मैं केक काटने में भरोसा...')
'ट्री आर्मी' के साथ आए जैकी श्रॉफ (Image Source: Times Now)
जैकी श्रॉफ ने कही ये बात
इस अवसर पर जैकी श्रॉफ ने कहा, 'तुम फूल दोगे तो फूल ही मिलेगा, पत्थर दोगे तो पत्थर ही मिलेगा। इसलिए कोई आलोचना करे तो शांत रहना चाहिए। किसी के पैर काटकर हम ऊंचे नहीं बन सकते।' इसके आगे उन्होंने कहा, 'सिर्फ बोलने वाले और असल में काम करने वाले लोगों में बड़ा अंतर होता है। धरती हमारी मां है और उसकी रक्षा करना हर इंसान का फर्ज है। इसलिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाओ।' जैकी श्रॉफ ने 'ट्री आर्मी' के इस जन आंदोलन की खूब तारीफ की और इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का संकल्प जताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जैकी श्रॉफ ने स्थानीय शिवसेना विधायक सुहास बाबर की भी जमकर तारीफ की। (ये भी पढ़ें: 'कमिश्नर तो होगा ही ना' Khalnayak Returns में एंट्री पर जैकी श्रॉफ ने लगाई पक्की मुहर, संजय दत्त संग मचाएंगे धमाल)
विधायक ने बताया प्लान
विधायक सुहास बाबर ने बताया कि 'हमने फैसला किया है कि विधानसभा चुनाव में जितने वोट मिले थे, उतने ही पौधे लगाएंगे। अगले दो साल में हम 78 हजार पौधे लगाने वाले हैं।' उन्होंने आगे बताया कि 'ट्री आर्मी' किसी एक पार्टी की मुहिम नहीं है, बल्कि ये पूरे समाज की मुहिम है। विधायक सुहास बाबर ने कहा कि जैकी श्रॉफ के इस अभियान में जुड़ने से अब ये मुहिम पूरे देश में चर्चा में आएगी। विटा से शुरू हुई ये ट्री आर्मी अब पूरे देश और दुनिया तक पहुंचेगी।
