बॉलीवुड

Adipurush से क्यों खफा है Nepal? काठमांडू के बाद अब पोखरा में भी Hindi Films बैन

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jun 19, 2023, 02:29 PM IST

Adipurush Controversy in Nepal: काठमांडू के महापौर बालेंद्र शाह ने रविवार को कहा था कि शहर में किसी भी हिंदी फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति तब तक नहीं दी जाएगी, जब तक कि "आदिपुरुष" में "जानकी भारत की एक बेटी है" संवाद को न केवल नेपाल में बल्कि भारत में भी हटा दिया जाता है।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (क्रिएटिवः अभिषेक गुप्ता)

Adipurush Controversy in Nepal: फिल्म आदिपुरुष को लेकर जहां एक ओर भारत में कई लोग अपनी आपत्तियों के बाद इसका विरोध कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर पड़ोसी मुल्क नेपाल में भी लोग इस मूवी से नाराज हैं। आदिपुरुष के डायलॉग्स को लेकर पनपे विवाद और उसमें मां सीता का उल्लेख "भारत की बेटी" के रूप में करने के बाद नेपाल की राजधानी काठमांडू के बाद पोखरा शहर में भी इस फिल्म के साथ सारी हिंदी फिल्मों के प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई।

काठमांडू के 17 सिनेमाघरों में इसके मद्देनजर पुलिस वालों को तैनात किया गया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वहां कोई हिंदी फिल्म न दिखाई जाए। पोखरा के महापौर धनराज आचार्य ने कहा कि सोमवार से "आदिपुरुष" के प्रदर्शन पर रोक लगा दी जाएगी। दरअसल, माता सीता को जानकी के नाम से भी जाना जाता है, जबकि वहां के लोगों का मानना है कि उनका जन्म नेपाल के जनकपुर में हुआ था।

विरोध के बीच दो दिन में कमा लिए 240 करोड़ रुपए

वैसे, भारत और नेपाल में भले ही इस फिल्म को लेकर भरसक विरोध और विवाद हो रहा हो, मगर इसने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 240 करोड़ रुपए की कमाई की है। रविवार को यह दावा फिल्म निर्माताओं की ओर से किया गया। फिल्म प्रोडक्शन कंपनी टी-सीरीज के मुताबिक, ओम राउत के निर्देशन में बनी आदिपुरुष ने रिलीज के दूसरे दिन 100 करोड़ रुपए कमाए, जबकि पहले दिन 140 करोड़ रुपए की बंपर ओपनिंग की थी।

बदले जाएंगे विवादित डायलॉग्स- मुंतशिर कर चुके हैं साफ

फिल्म में प्रभास ने भगवान राम, कृति सेनॉन ने माता सीता और सैफ अली खान ने लंकापति रावण का किरदार निभाया है। हालांकि, भूषण कुमार के प्रोडक्शन में बनी फिल्म के संवाद को लेकर सोशल मीडिया पर खासा आलोचना हुई और उसके बाद लिरिसिस्ट मनोज मुंतशिर शुक्ला ने 18 जून 2023 को ऐलान कर बताया कि निर्माताओं ने "कुछ संवादों को बदलने का फैसला किया है और इस सप्ताह तक फिल्म में संशोधित पंक्तियां जोड़ दी जाएंगी। यह फिल्म तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और तमिल में भी रिलीज की गई है।
अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article