Baby John trailer will be attached with Singham 3: बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन अपनी अपकमिंग एक्शन एंटरटेनर बेबी जॉन को सुपरहिट बनाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। एटली के प्रोडक्शन में बनी बेबी जॉन का टीजर कुछ महीनों पहले ही दर्शकों के सामने आया था, जिसे जबरदस्त रिस्पांस मिला है। बेबी जॉन के मेकर्स जल्द ही दर्शकों के सामने ट्रेलर पेश करेंगे, जिसके लिए उन्होंने बॉलीवुड के सिंघम अजय देवगन के साथ हाथ मिलाया है। अगर आप सोच रहे हैं कि बेबी जॉन और सिंघम स्टार का क्या लेना-देना है तो बता दें कि बेबी जॉन का ट्रेलर अजय देवगन की अपकमिंग मूवी सिंघम 3 के साथ थिएटर में दिखाया जाएगा। पहले भी स्टार्स ये कदम उठाते रहे हैं क्योंकि बहुप्रतीक्षित फिल्म के साथ ट्रेलर जोड़ने से उसे अच्छी रीच मिलती है, जिससे ओपनिंग में मदद होती है।
ज्योति देशपांडे ने मीडिया से बात करते हुए बताया है कि बेबी जॉन में वरुण धवन ने शानदार काम किया है, जो दर्शकों को चौंका देगा। ज्योति के अनुसार, 'एटली के बैनर के साथ यह हमारी पहली फिल्म है, जिसके लिए हम काफी एक्साइटेड हैं। एटली की वजह से बेबी जॉन में एक्स फैक्टर जुड़ गया है क्योंकि उनकी क्रिएटिविटी अलग तरह की है। हमें पूरी उम्मीद है कि जब बेबी जॉन बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होगी तब दर्शक वरुण धवन की परफॉर्मेंस देखकर दंग रह जाएंगे। बेबी जॉन बड़े बजट में बनी मूवी है, जिससे हमें काफी उम्मीदें हैं।'
बताते चलें कि अभिनेता वरुण धवन की पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार नहीं कर पायी हैं, जिस कारण उनका करियर पटरी से उतरता दिख रहा है। वरुण धवन और उनके फैंस को उम्मीद है कि बेबी जॉन के साथ न केवल करियर पटरी पर लौटेगा बल्कि जूनियर धवन बॉक्स ऑफिस पर भी अपना सिक्का जमाने में कामयाब रहेंगे।
