बॉलीवुड अदाकारा सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) इन दिनों शादी की खबरों के चलते चर्चा में बनी हुई हैं। सोनाक्षी सिन्हा अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड जहीर इकबाल (Zaheer Iqbal) के साथ 23 जून के दिन शादी करने वाली हैं। 13 जून की सुबह सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल का एक ऑडियो कार्ड इंटरनेट पर वायरल हुआ, जिसमें दोनों कलाकार करीबियों और फैंस को शादी का न्योता देते नजर आए। ऑडियो कार्ड में सोनाक्षी और जहीर ने बताया है कि ये दोनों पिछले 7 सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और अब इन दोनों को परिवारवालों से हरी झंडी मिल गई है। सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल इंडस्ट्री के उन कपल्स में से एक थे, जिन्होंने अपने रिश्ते को फैंस से छुपाकर रखा और सही समय पर उन्हें बड़ी खुशखबरी दी। सोनाक्षी और जहीर की ही तरह शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा ने भी लव-मैरिज की थी। हालांकि इन दोनों की शादी सोनाक्षी-जहीर की तरह आसानी से नहीं हुई थी क्योंकि सोनाक्षी की नानी इस शादी से बहुत खुश नहीं थीं। आइए आपको शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा की लव स्टोरी और शादी की शानदार कहानी बताते हैं...
पूनम सिन्हा से पहली बार ट्रेन में मिले थे शत्रुघ्न सिन्हा
बहुत कम लोगों को पता है कि शत्रुघ्न सिन्हा (Shatrughan Sinha) और पूनम सिन्हा (Poonam Sinha) की पहली मुलाकात एक ट्रेन में हुई थी। असल में शत्रुघ्न सिन्हा FTII में एडमिशन लेने के बाद बिहार से रवाना हो रहे थे। उनके घरवालों ने जिस ट्रेन में उन्हें बैठाया था, उसमें पूनम सिन्हा भी सफर कर रही थीं। पूनम सिन्हा बिहार में एक शादी में पहुंची थीं, जहां से वो लौट रही थीं। इस सफर में दोनों की काफी सारी बातें हुईं और फिर दोस्ती हो गई। पूनम सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा को भी नहीं पता होगा कि ट्रेन में हुई मुलाकात, जिंदगीभर का साथ बन जाएगी। शत्रुघ्न सिन्हा के अनुसार पूनम सिन्हा से उनकी मुलाकात किसी बॉलीवुड के हीरो-हीरोइन से कम नहीं थी।
पूनम-शत्रुघ्न ने पहली मुलाकात के 14 साल बाद की शादी
शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा (Shatrughan Sinha Poonam Sinha love story) उस ट्रेन सफर के बाद दोस्त बन गए और फिर दोनों की दोस्ती प्यार में भी तब्दील हुई। इन दोनों ने शादी करने से पहले लगभग 14 साल एक-दूसरे के साथ बिताए थे, जिसके बाद इन्होंने 7 जन्मों के बंधन में बंधने का फैसला लिया। हालांकि शादी से लगभग 3 साल पहले शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा के बीच बातचीत बंद हो गई थी।
शत्रुघ्न सिन्हा ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि लोगों को ऐसा लगने लगा था कि उनकी जिंदगी में कोई दूसरा इंसान आ गया है। चीजें कुछ इस तरह से उलझ गई थीं कि शत्रुघ्न सिन्हा ने पूनम सिन्हा को यह कहकर खुद से दूर कर लिया था कि "आप मेरे लिए बहुत ज्यादा अच्छी हो।" हालांकि इस सबके बावजूद भी पूनम सिन्हा ने कभी भी शत्रुघ्न का ध्यान रखना बंद नहीं किया। शत्रुघ्न सिन्हा को पूनम की यही बात काफी पसंद आई और फिर 3 सालों के बाद दोनों ने शादी कर ली।
शत्रुघ्न सिन्हा के भाई लेकर गए थे पूनम सिन्हा के घर रिश्ता
शत्रुघ्न सिन्हा ने जब शादी करने का फैसला लिया तो अपने बड़े भाई की मदद मांगी और वो ही पूनम सिन्हा के घर उनका रिश्ता लेकर गए। पूनम सिन्हा की मां को शत्रुघ्न सिन्हा का रिश्ता पसंद नहीं आया और उन्होंने शॉटगन के भाई को यह तक कह दिया, "मेरी बेटी को देखो वो चांद का टुकड़ा लगती है और तुम्हारा भाई कटी-फटी शक्ल का आदमी है। दोनों का कोई मेल ही नहीं है।"
हालांकि शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा शादी करने का फैसला कर चुके थे, जिसके बाद पीछे हटने का मतलब नहीं था। फिर क्या... पूनम सिन्हा की मां को इनके प्यार के आगे झुकना पड़ा और फिर दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा के तीन बच्चे लव-कुश और सोनाक्षी हुए। लव-कुश फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े रहे हैं लेकिन उनका करियर एक्टिंग की फील्ड में नहीं बन पाया, इसके दूसरी तरफ सोनाक्षी सिन्हा ने सफल एक्ट्रेस बनकर अपने माता-पिता का नाम रोशन किया।
