Sarzameen to release in May: सैफ अली खान और अमृता सिंह के बेटे इब्राहिम अली खान ने हाल ही में फिल्म नादानियां से डेब्यू किया था। इस फिल्म को दर्शकों से कुछ खास रिस्पांस नहीं मिला था। लोगों ने इसकी जमकर ट्रोलिंग की और इब्राहिम को भी काफी सारी बातें सुननी पड़ी थीं। नादानियां की रिलीज को अब थोड़ा वक्त हो चुका है और इब्राहिम अली खान अपनी दूसरी फिल्म सरजमीं की रिलीज के लिए कमर कसने लगे हैं। फिल्म सरजमीं में इब्राहिम अली खान के साथ काजोल और पृथ्वीराज सुकुमारन दिखाई देंगे, जिसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है।
इब्राहिम अली खान की सरजमीं मई 2025 में होगी रिलीज
अगर ईटाइम्स की ताजा खबर की मानें तो फिल्म सरजमीं को मेकर्स मई 2025 में रिलीज करने की सोच रहे हैं। यह एक बड़ी फिल्म है, जो इब्राहिम की पहली थिएट्रिकल रिलीज है। मेकर्स इसे बड़े मौके पर रिलीज करने की सोच रहे हैं ताकि सरजमीं ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंच पाए। फिल्म सरजमीं की कहानी कश्मीर के आसपास घूमती दिखाई देगी और इसमें पृथ्वीराज सुकुमारन और काजोल पहली बार साथ में काम करते दिखाई देंगे। फिल्म सरजमीं में इब्राहिम अली खान एक आर्मी ऑफिसर के रूप में दिखाई देंगे।
सरजमीं से डेब्यू करने वाले थे इब्राहिम अली खान
इब्राहिम अली खान ने फिल्म सरजमीं में काम करना 2023 में शुरू किया था। सारा अली खान ने एक इंटरव्यू के दौरान इस खबर पर पक्की मुहर लगाई थी। सरजमीं ही इब्राहिम अली खान की डेब्यू मूवी होने वाली थी लेकिन कुछ कारणों के चलते उनका डेब्यू नादानियां से कराया गया, जो सीधे ओटीटी पर रिलीज हुई थी। फिल्म सरजमीं में राजेश शर्मा, टोटा रॉय चौधरी, तारा शर्मा, जितेन्द्र जोशी और मिहिर आहूजा जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे।
