Salman Khan reacts on Lawrence Bishnoi: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान की जान पर बीते कई दिनों से खतरा मंडरा रहा है। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने एक इंटरव्यू के दौरान ‘भाईजान’ को मारने की धमकी दी है। लॉरेंस बिश्नोई से साफ कर दिया है कि उसकी जिंदगी का आखिरी मक्सद अब सलमान खान को मारना ही है। बिश्नोई के इस स्टेटमेंट के बाद पुलिस के साथ ही सलमान खान की सिक्योरिटी में तैनात लोग भी हरकत में आ गए हैं। बीते दिन सलमान खान को ई-मेल पर भी जान से मारने की धमकी मिली है।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार से मिल रही इन धमकियों पर सलमान खान के एक करीबी ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले में सलमान खान फिलहाल क्या सोच रहे हैं। आइए इसपर एक नजर डालते हैं।
‘जो होगा देखा जाएगा’
सलमान खान के एक करीबी ने बॉलीवुड लाइफ को बताया, ‘सलमान खान भी बार-बार मिल रही इन धमकियों से तंग आ गए हैं। फिलहाल इस बारे में वह ज्यादा नहीं सोच रहे, उनका सीधा एक ही मानना है जो होगा देखा जाएगा, इन सब धमकियों से फिलहाल उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।’ सलमान खान के फैंस भी सरकार से लगातार भाईजान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। जिसके साथ ही अब सलमान के साथ हमेशा 10 पुलिस वाले रहेंगे ही। वहीं उनके घर के बार भी कई पुलिस वाले तैनात कर दिए गए हैं।
‘माफी मांगे, नहीं तो भुगतना पड़ेगा’
सलमान खान के बारे में बात करते हुए लॉरेंस बिश्नोई ने ABP न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा, ‘सलमान खान को हमारे मंदिर में आकर पूरे समाज से माफी मांगनी चाहिए, अगर मेरे लोग उसे माफ कर देंगे, तो मैं भी सलमान को माफ कर सकता हूं।’ इसके साथ ही बिश्नोई ने कहा था कि बचपन से सलमान को मारना ही उनका आखिरी मकसद है।
