Salman Khan Family Worried About His Security: सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई मामला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। सलमान को लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही हैं। जान से मारने की धमकियों के बीच सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अभिनेता के परिवार ने उन्हें आउटडोर शूटिंग से बचने की सलाह दी है। इतना ही नहीं सलमान खान की फैमिली इन खबरों से बेहद चिंतित है। खान परिवार लगातार अपने बेटे सलमान की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
पुलिस के एक करीबी सूत्र के मुताबिक, धमकी मिलने के बाद से ही अभिनेता सलमान खान के घर के आसपास का माहौल काफी तनावपूर्ण है। एक सूत्र के हवाले से बताया गया है, 'सलमान खान के परिवार और उनकी टीम में हर कोई उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। इन नई धमकियों ने चीजों को हिला दिया है, लेकिन वे यह भी जानते हैं कि पुलिस ने अच्छी प्रतिक्रिया दी है और यह सुनिश्चित कर रही है कि सुरक्षा के उचित इंतजाम हों।'
पुलिस ने सलमान खान और उनकी टीम को अगले कुछ दिनों तक किसी भी तरह के ऑन-ग्राउंड इवेंट से बचने के लिए कहा गया है। उनकी एक फिल्म किसी का भाई किसी की जान भी रिलीज होने वाली है। ऐसे में इन धमकियों को देखते हुए सलमान खान की टीम को उसी के अनुसार किसी भी प्रमोशनल एक्टिविटी की योजना बनानी होगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि अभिनेता, मुंबई में नहीं हैं और यह पता नहीं है कि वह कब लौटेंगे।
इसी बीच, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और रोहित बराड़ के खिलाफ सलमान खान को ई-मेल के जरिए धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मालूम हो कि सलमान खान को एक धमकी भरा मेल मिला था। जिसके बाद बांद्रा पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 506 (2), 120 (बी) और 34 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मुंबई में सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एफआईआर के मुताबिक मोहित गर्ग की आईडी से ईमेल भेजा गया था। कहा गया कि गोल्डी बराड़ सलमान से बात करना चाहते हैं। मेल में इंटरव्यू का जिक्र करते हुए कहा गया है कि अगर अभिनेता मामले को बंद करना चाहते हैं, तो उन्हें उनसे बात करने की जरूरत है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, तिहाड़ जेल से लॉरेंस बिश्नोई द्वारा हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में यह धमकी दी गई है। लॉरेंस बिश्नोई ने दावा किया था कि उनके जीवन का लक्ष्य सलमान खान को मारना है।
