Andaz Apna Apna To Clash With Ground Zero: बॉलीवुड इंडस्ट्री के सुपरस्टार सलमान खान और आमिर खान की कल्ट कॉमेडी मूवी 'अंदाज अपना-अपना' साल 1994 में रिलीज हुई थी। लंबे समय से फैन्स इस मूवी की री-रिलीज का इंतजार कर रहे थे। अब उनके लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। निर्माताओं ने अब सलमान खान और आमिर खान की फिल्म 'अंदाज अपना-अपना' को बड़े परदे पर दर्शकों के बीच दोबारा पेश करने का फैसला कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि मेकर्स जिस दिन 'अंदाज अपना-अपना' (Andaz Apna Apna) को री-रिलीज करने जा रहे हैं, उसी दिन इमरान हाशमी की नई मूवी 'ग्राउंड जीरो' (Ground Zero) भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
'ग्राउंड जीरो' से टकराएगी 'अंदाज अपना-अपना'
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार विनय सिन्हा के बच्चों यानी नम्रता, प्रीति सिन्हा और आमोद सिन्हा ने 'अंदाज अपना-अपना' की रिलीज डेट का खुलासा किया है। बताया जा रहा है कि इस मूवी को 25 अप्रैल के दिन सिनेमाघरों में री-रिलीज किया जाएगा। इस दिन तेजस प्रभा विजय देउस्कर के निर्देशन में बनी इमरान हाशमी की फिल्म 'ग्राउंड जीरो' भी रिलीज होने वाली है। दोनों फिल्मों के क्लैश को देखने के लिए फैन्स भी बेताब हैं।
सलमान खान और आमिर खान की फिल्म 'अंदाज अपना-अपना' का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया था। इस फिल्म में रंवीना टंडन, करिश्मा कपूर, परेश रावल और शक्ति कपूर सहित कई एक्टर्स अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। बताया जा रहा है कि फिल्म का ट्रेलर भी 1 अप्रैल के दिन री-रिलीज की जाएगी। वहीं दूसरी ओर इमरान हाश्मी की मूवी 'ग्राउंड जीरो' का टीजर कुछ दिनों पहले ही रिलीज किया गया है, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया है।
