पूर्व मिस इंडिया और एक्ट्रेस रूही सिंह को भारतीय कॉमिक्स एसोसिएशन (ICA) की ब्रांड एंबेसडर के रूप में चुना गया है। रूही सिंह नई जिम्मेदारी को निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बता दें एक्ट्रेस रूही सिंह का कॉमिक्स के प्रति गहरा जुनून है। अब रूही सिंह भारतीय कॉमिक्स का चेहरा बनकर वेव्स 2025 में भारतीय कॉमिक्स एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कॉमिक्स के प्रति रूही सिंह का प्यार बचपन से ही है और वह इस पहल का हिस्सा बनकर बहुत एक्साइटेड हैं। इसका उद्देश्य भारतीय कॉमिक्स और संस्कृति को बढ़ावा देना है। रूही सिंह कई अवार्ड-विनिंग वेब सीरीज में नजर आ चुकी हैं। इसमें "रनअवे लुगाई" और "चक्रव्यूह" शामिल हैं। इन फिल्मों के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवार्ड में 'बेस्ट एक्ट्रेस' के लिए नॉमिनेट किया गया था। रूही सिंह की काफी ज्यादा फैन फॉलोइंग भी है। बता दें एक्ट्रेस के इंस्टाग्राम, फेसबुक और जोश ऐप पर 12 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं। रूही अपने स्टाइलिश और खास पर्सनालिटी के लिए जानी जाती हैं।
कॉमिक्स और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पैशनेट
ब्रांड एंबेसडर बनने के बाद रूही सिंह ने कहा, "मैं भारतीय कॉमिक्स एसोसिएशन की ब्रांड एंबेसडर चुने जाने से बहुत उत्साहित हूं। एक कॉमिक्स प्रेमी के रूप में मैं भारतीय कॉमिक्स और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पैशनेट हूं। मैं इस एमआईबी समर्थित पहल का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हूं और भारतीय कॉमिक्स को अगले स्तर पर ले जाने के लिए आईसीए टीम के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।"
मार्शल आर्ट से लेकर इन चीजों में भी रूही हैं एक्सपर्ट
सिर्फ एक्टिंग, मॉडलिंग और कॉमिक्स के लिए ही नहीं बल्कि रूही मार्शल आर्ट, किकबॉक्सिंग, कराटे, कथक, पोल डांस, बेली डांस, सिंगिंग और पार्कौर के लिए भी जानी जाती हैं। खेल और फिटनेस के प्रति उनका जुनून उनके रोज के जीवन में दिखाई देता है। अक्सर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्ट्रेस हेल्दी लिविंग और वेलनेस को बढ़ावा देते हुए नजर आती हैं।
प्रीति व्यास सहित ये दिग्गज हुए शामिल
हाल ही में मुंबई में आईसीए द्वारा आयोजित एक पैनल चर्चा में रूही की ब्रांड एंबेसडर के रूप में नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की गई। इस दौरान अमर चित्र कथा की अध्यक्ष और सीईओ प्रीति व्यास और आईसीए के अध्यक्ष अजितेश शर्मा सहित कई उद्योग के दिग्गज शामिल हुए थें। शाम का समापन एक नेटवर्किंग सेशन के साथ हुआ।
