Pathan Day 5 Box Office Collection: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की हालिया रिलीज मूवी पठान (Pathan) ने सिनेमाघरों में 5 दिनों सा सफर पूरा कर लिया है। फिल्म ने अपने पहले दिन से ही कमाई करने का ऐसा सिलसिला शुरू कर दिया था, जो 5 दिनों तक लगातार जारी रहा। फिल्म ने पहले वीकेंड में ताबड़तोड़ कमाई करते हुए 280 करोड़ रुपये अपने खाते में जोड़ लिए हैं। फिल्म ने यह आंकड़ा सभी भाषाओं की कमाई की मदद से पार किया है। फिल्म पठान ने अपने 5वें दिन 60.75 करोड़ रुपये की कमाई की है, जिसकी मदद से यह डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर 280 करोड़ रुपये कमा पायी है।
ट्रेड एक्सपर्ट तरण आदर्श ने कुछ देर पहले ही ट्वीट करके बताया है कि फिल्म पठान की कमाई 280 करोड़ रुपये के पार निकल गई है। तरण आदर्श के ट्वीट के अनुसार, 'बॉक्स ऑफिस पर आई पठान नाम की सुनामी रुकने का नाम नहीं ले रही है। फिल्म ने 5 दिनों में चौंकाने वाले आंकड़े दर्ज कराए हैं। फिल्म ने 5 दिन लम्बे वीकेंड का भरपूर फायदा उठाया है और अपने खाते में 271 करोड़ रुपये जोड़ लिए हैं। फिल्म ने पहले दिन 55 करोड़, दूसरे दिन 68 करोड़, तीसरे दिन 38 करोड़, चौथे दिन 51.50 करोड़ रुपय और पांचवे दिन 58.50 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह कारोबार हिन्दी वर्जन का है। अगर बाकी भाषाओं की बात करें तो पठान ने बाकी सभी भाषाओं से 5 दिनों में 9.75 करोड़ रुपये कमाए हैं।'
शाहरुख खान की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनी पठान
शाहरुख खान काफी लम्बे वक्त से एक हिट फिल्म के लिए तरस रहे थे। उनकी पिछली सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर पानी मांगती नजर आई थीं। कई लोग मानने लगे थे कि किंग खान का वक्त खत्म हो चुका है लेकिन पठान ने सभी के दावों की हवा निकाल दी है। किंग खान की पठान ने ओपनिंग वीकेंड में 280 करोड़ रुपये की कमाई करके सभी को हैरान कर दिया है।
