Pathan Day 2 Box Office Early Estimates: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की पठान की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। फिल्म पठान ने ओपनिंग-डे पर कई सारे रिकॉर्ड तोड़े हैं और दूसरे दिन भी यह उसी दिशा में बढ़ रही है। फिल्म पठान ने दूसरे दिन सिनेमाघरों में 60 प्रतिशत का ऑक्यूपेंसी रेट दर्ज कराया है, जिसे देखकर ट्रेड पंडितों के चेहरों पर खुशी है। सिनेमाघरों से सामने आ रही रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म पठान को देखने के लिए दर्शक लाइन लगाकर टिकिट खरीद रहे हैं। यह शाहरुख खान की दीवानगी है, जो दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रही है।
पठान दूसरे दिन करेगी 60 करोड़ की कमाई
फिल्म पठान ने अपने दूसरे दिन 60 प्रतिशत की ऑक्यूपेंसी दर्ज कराई है। रिपोर्ट्स की मानें तो कई जगहों पर पठान के शोज हाउसफुल जा रहे हैं। फिल्म पठान ने सिनेमाघरों में जो ऑक्यूपेंसी दर्ज कराई है, उसे देखकर ट्रेड एक्सपर्ट्स अंदाजा लगा रहे हैं कि यह मूवी गणतंत्र दिवस के दिन 60 करोड़ का आंकड़ा आराम से पार कर जाएगी। फिल्म पठान अगर ऐसा करती है तो इसकी कमाई दो दिनों के अंदर 100 करोड़ रुपये के पार निकल जाएगी।
शाहरुख खान की हुई सफल वापसी
पठान के साथ अभिनेता शाहरुख खान की बॉक्स ऑफिस पर सफल वापसी हुई है। शाहरुख खान ने बता दिया है कि अगर उन्हें अच्छी कहानियां मिलें तो वो आज भी बॉक्स ऑफिस हिलाने का दम रखते हैं। शाहरुख खान 90 के दशक के सबसे बड़े स्टार्स में से एक हैं, जिनकी पिछली कुछ फिल्में अच्छा कारोबार नहीं कर पायी थीं। हालांकि पठान ने उनका सफल कमबैक करा दिया है। पठान की अच्छी कमाई देखकर फैंस मान रहे हैं कि शाहरुख खान की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है और अब कभी पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे।
