Shah Rukh Khan doing Amar Kaushik Movie: साल 2023 में पठान, जवान और डंकी से बॉक्स ऑफिस हिलाने वाले शाहरुख खान ने अभी तक अपनी नई मूवी का ऐलान नहीं किया है। खबरें हैं कि वो कई डायरेक्टर्स के साथ बातचीत कर रहे हैं और उनमें से जो सबसे अच्छा सब्जेक्ट उन्हें सुनाएगा, उसके साथ वो हाथ मिलाएंगे। द फैमिली मैन के डायरेक्टर्स राज एंड डीके के अगले प्रोजेक्ट में शाहरुख खान के होने की खबरें बीते दिनों सामने आई थीं, जिन पर अभी तक मुहर नहीं लगी है और अगर ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो किंग खान ने स्त्री 2 के डायरेक्टर अमर कौशिक के साथ हाथ मिलाने का मन बनाया है, जिन्होंने साल 2024 की बिगेस्ट एंटरटेनर दी है, जिसने कमाई के मामले में पठान-जवान को भी पीछे छोड़ दिया है।
पिंकविला ने अपनी एक ताजा रिपोर्ट में बताया है कि शाहरुख खान ने पिछले कुछ महीनों में कई सारी स्क्रिप्ट्स पढ़ी हैं और जल्द ही एक ऐसी फिल्म साइन करने के मूड में हैं, जिसमें एक्शन नहीं होगा। शाहरुख खान ने अमर कौशिक से भी बात की है, जिन्होंने हाल ही में स्त्री 2 जैसी ब्लॉकबस्टर मूवी दी है। सूत्र ने पोर्टल को बताया है, 'शाहरुख खान पिछले कुछ महीनों में लगभग सभी फिल्मकारों से मिले हैं और उनसे पूछा है कि वो उनके साथ कैसी फिल्म बना सकते हैं। किंग खान को किसी का भी आइडिया उत्साहित नहीं कर पाया है। इसी सिलसिले में उन्होंने अमर कौशिक और दिनेश विजान से भी मुलाकात की है।'
सूत्र ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा है, 'अमर कौशिक और दिनेश विजान ने शाहरुख खान को एक बिग बजट एडवेंचर मूवी का इडिया सुनाया है। शाहरुख खान को ये आइडिया अच्छा लगा है। किंग खान की ये मूवी स्त्री 2 यूनिवर्स का हिस्सा नहीं होगी। किंग खान ने दोनों के साथ 2-3 मीटिंग कर चुके हैं लेकिन अभी तक फाइनल कॉल नहीं ली गई है। किंग खान इस महीने के अंत तक दोनों को अपना फैसला सुनाएंगे। दिनेश विजान का प्रोडक्शन किंग खान के साथ राज एंड डीके की कॉमिक एक्शन एंटरटेनर के लिए भी चर्चा में है।' वैसे आप किंग खान को एक्शन मूवी में देखना चाहते हैं या फिर एडवेंचर एंटरटेनर में? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।
