पाकिस्तान के पॉपुलर सिंगर राहत फतेह अली खान इन दिनों चर्चा में हैं। बीते दिनों उनको लेकर ये खबर सामने आई कि दुबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जियो टीवी के रिपोर्ट के मुताबिक, राहत फतेह अली खान के खिलाफ उनके पूर्व मैनेजर सलमान अहमद ने मानहानि की शिकायत की है। इस वजह से राहत को दुबई में अरेस्ट कर लिया गया। हालांकि अब राहत फतेही अली का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने दुनिया को सच्चाई बताई है। आइए नजर डालते हैं इस क्लिप पर....
राहत फतेही अली ने शेयर किया वीडियो
पाकिस्तान के पॉपुलर सिंगर राहत फतेह अली खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को अपडेट करते हुए एक वीडियो शेयर किया है, जो कि इंटरनेट की दुनिया में लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। राहत फतेही अली ने इस क्लिप को साझा करते हुए ये साफ कर दिया है कि उन्हें दुबई में अरेस्ट नहीं किया गया था। राहत फतेही ने कहा, 'दुबई में मैं एक गाने को रिकॉर्ड करने के लिए आया हूं और यहां सबकुछ ठीक है। मैं आपसे ये कहना चाहता हूं कि घटिया अफवाहों को सच ना मानें। ऐसा कुछ नहीं हुआ है जो मेरे दुश्मन सोच रहे हैं।'
बॉलीवुड में धमाल मचा चुके हैं राहत फतेही अली खान
बताते चलें कि पाकिस्तानी सिंगर राहत फतेह अली खान ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी जमकर धमाल मचाया है। उन्होंने एक से बढ़कर एक हिंदी गाने गाए हैं। उनकी सिंगिंग पर पूरी दुनिया फिदा है। बता दें कि राहत फतेही अली खान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपने फैंस के साथ रील तस्वीरें और वीडियोज शेयर करते रहते हैं। राहत का कोई भी पोस्ट इंटरनेट पर आते ही छा जाता है। राहत फतेही अली खान की लोकप्रियता भारत में भी काफी तगड़ी है। उनके गानों को लोग सुनना पसंद करते हैं।
