बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी (Manoj Bajpayee) ने महाराष्ट्र के खाद्य और औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे (Tukaram Mundhe) की ईमानदारी और मेहनत की तारीफ की है। मनोज ने कहा कि तुकाराम मुंढे जिस तरह पूरी ईमानदारी से अपना काम कर रहे हैं, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने यह भी कहा कि आज किसी अधिकारी का अपना काम पूरी जिम्मेदारी से करना ही इतनी बड़ी बात बन गई है कि वह चर्चा में आ जाता है। आइए पूरी बात जानते है इस रिपोर्ट में...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Mirzapur The Movie सीक्वल में ये 2 कैरेक्टर बनेंगे अखंडानंद त्रिपाठी के दुश्मन!! खेला जाएगा खूनी खेल)
मनोज बाजपेयी ने की तुकाराम मुंढे की तारीफ (pic credit-instagram)
मनोज बाजपेयी ने की तुकाराम मुंढे की तारीफ
एएनआई से बातचीत में मनोज बाजपेयी ने कहा कि किसी पुलिस अधिकारी या सरकारी अफसर को जो काम दिया जाता है, अगर वह उसे पूरी ईमानदारी और मेहनत से करता है तो लोग हैरान हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि तुकाराम मुंढे का अपना काम सही तरीके से करना और फिर उनके वायरल होने की बात अपने आप में काफी कुछ बताती है। मनोज ने कहा, “जब कोई व्यक्ति पूरी ईमानदारी से अपना काम करता है और इसी वजह से वह लोगों के बीच मशहूर हो जाता है, तो यह बताता है कि हमारा समाज आज किस स्थिति में पहुंच गया है।” तुकाराम मुंढे ने महाराष्ट्र के खाद्य सुरक्षा विभाग के आयुक्त का पद संभालने के बाद राज्य में कई जगहों पर जांच की है। नियमों का पालन नहीं करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है।
वहीं, मनोज बाजपेयी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘लास्ट मैन इन टावर’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का निर्देशन बेन रेखी ने किया है और इसका निर्माण राणा दग्गुबाती की स्पिरिट मीडिया ने किया है। फिल्म में मनोज के साथ दिव्या दत्ता और बोमन ईरानी भी नजर आएंगे। फिल्म में मनोज मास्टरजी का किरदार निभा रहे हैं। वह एक रिटायर्ड स्कूल टीचर हैं, जो अपने घर के लोगों के एक फैसले का विरोध करते हैं। इसके बाद बिल्डिंग में रहने वाले लोगों के बीच विवाद शुरू हो जाता है। ‘लास्ट मैन इन टावर’ 11 सितंबर को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
