Karan Johar Ready To Launch Ibrahim Ali Khan With Kajol And Prithviraj Sukumaran: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर ने अपनी फिल्मों से लोगों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। करण जौहर (Karan Johar) ने अभी तक कई बॉलीवुड सितारों को अपने प्रोडक्शन हाउस के जरिए लॉन्च किया है। वहीं अब माना जा रहा है कि वह सैफ अली खान और अमृता सिंह के बेटे इब्राहिम अली खान (Ibrahim Ali Khan) को भी लॉन्च करने के लिए तैयार हैं। हाल ही में उन्होंने एक पोस्ट शेयर की है, जिसे देख लोग खूब अटकलें लगा रहे हैं।
करण जौहर (Karan Johar) ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने फैंस को स्टार कास्ट और मूवी के नाम का अंदाजा लगाने के लिए कहा। करण जौहर की पोस्ट में लिखा नजर आया, "ये फिल्म का ऐलान नहीं है। लेकिन ये आप लोगों की मदद के लिए हो सकता है। हम पिछले कुछ सालों से एक फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं, लेकिन हमने इसके बारे में क्रू तक को नहीं पता चलने दिया, क्योंकि ये डेब्यू डायरेक्टर का फैसला था। हालांकि आपके सामने मूवी से जुड़े कुछ हिंट मौजूद हैं। पहला: साउथ के सुपरस्टार, जिन्होंने हाल ही में एक जबरदस्त पैन इंडिया मूवी दी है। दूसरा: सबकी चहेती और प्यारी एक्ट्रेस, जो हमेशा ही अपने भाव से हमें हैरान कर देती है। तीसरा: एक डेब्यू एक्टर जो अपनी पहचान बनाने के लिए बिना थके काम किये जा रहा है।"
करण जौहर (Karan Johar) की पोस्ट में आगे लिखा नजर आया, "फिल्म पूरी तरह से तैयार है और हम इसे जल्द ही रिलीज करेंगे। आपको कुछ अंदाजा है? अगर आप फिल्म का टाइटल और नाम ठीक अंदाजा लगा लेते हैं तो हम आपको मूवी की झलक दिखाने के लिए जरूर बुलाएंगे।" बता दें कि करण जौहर की पोस्ट देखने के बाद लोगों ने नाम का अंदाजा लगाना शुरू कर दिया। पहली हिंट का जवाब जहां लोगों ने 'पृथ्वीराज सुकुमारन' को बताया तो वहीं दूसरी हिंट का जवाब 'काजोल' और तीसरे हिंट का जवाब इब्राहिम अली खान (Ibrahim Ali Khan) बताया। इसके साथ ही लोगों ने मूवी का नाम 'सरजमीं' कहा। बता दें कि अभी तीनों के नाम पर मेकर्स ने आधिकारिक तौर से मुहर नहीं लगाई है। लेकिन इब्राहिम अली खान बीते कई वक्त से अपनी डेब्यू मूवी की शूटिंग में लगे हैं।
