Kangana Ranaut Praise Vikrant Massey: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) अक्सर अपने बयानों के लिए जानी-जाती हैं। एक्ट्रेस अक्सर बॉलीवुड ने निर्माताओं और एक्टर्स पर तंज कसती नजर आती हैं। इस बार कंगना रनौत के सुर थोड़े बदले नजर आ रहे हैं। 'तेजस' एक्ट्रेस ने विधू विनोद चोपड़ा की सुपरहिट फिल्म '12वीं फेल' (12th Fail) देखने के बाद लीड एक्टर विक्रांत मैसी (Vikrant Massey) की खूब तारीफ की है। इतना ही नहीं कंगना रनौत विक्रांत मैसी की तुलना दिवंगत अभिनेता इरफान खान से कर रही हैं। एक समय ऐसा भी था जब कंगना रनौत ने विक्रांत मैसी को 'कॉकरोच' कहा था।
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म '12वीं फेल' में विक्रांत मैसी की सराहना की। उन्होंने लिखा, 'बहुत अच्छी फिल्म है। हिंदी माध्यम से होने के कारण मैं खुद गांव से हूं और एक जनरल कास्ट होने के नाते मैंने भी बिना आरक्षण के मैंने भी एंट्री टेस्ट दिया था। मैं पूरी फिल्म देखते हुए खूब रोई हूं।' एक्ट्रेस ने आगे लिखा, 'विधू सर ने एक बार फिर मेरा दिल जीत लिया है। विक्रांत मैसी अमेजिंग हैं!! आने वाले दिनों में वो इरफान खान साहब को पीछे छोड़ सकते हैं...तुम्हारे टैलेंट को सलाम।'
जानिए क्या था पूरा मामला
यामी गौतम ने जब आदित्य धर से शादी की तब उनकी सादगी की कई लोगों ने तारीफ की थी। कंगना रनौत को भी एक पहाड़ी दुल्हन लुक में यामी पर प्यार आया था जबकि विक्रांत ने एक्ट्रेस को राधे मां वाइब्स कहा था। विक्रांत से इस बयान पर कंगना रनौत भड़क गई थीं और उन्होंने 12वीं फेल एक्टर को जवाब देते हुए कहा कि वो विक्रांत को चप्पल से पीटना चाहती हैं और उन्हें कॉकरोच कहा था।
