Kajol in Nysa entering movies: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों लगातार स्टारकिड्स के डेब्यू हो रहे हैं। 90 के दशक के स्टार्स लगातार फिल्मों में कदम रख रहे हैं। खुशी कपूर, राशा थडानी और जुनैद खान के बाद फैंस को लगता है कि इस लिस्ट में अजय देवगन और काजोल की बेटी न्यासा देवगन का नाम भी जुड़ने वाला है। न्यासा देवगन ने हाल ही में अपनी पढ़ाई पूरी की है और पिछले कुछ समय से लगातार मीडिया में स्पॉट हो रही हैं। न्यासा की लगातार हो रही स्पॉटिंग को देखने के बाद फैंस को लगता है कि उनके बॉलीवुड डेब्यू का ऐलान कभी भी हो सकता है।
अदाकारा काजोल नेटवर्क 18 की राइजिंग भारत समिट में पहुंची, जहां उन्होंने बेटी न्यासा देवगन के बॉलीवुड डेब्यू पर चुप्पी तोड़ी। काजोल ने कहा है कि उनकी बेटी फिल्मों में काम नहीं करने वाली है क्योंकि उसका ऐसा कोई मूड नहीं है। काजोल के अनुसार, 'मुझे पता है कि हर कोई न्यासा के बॉलीवुड डेब्यू को लेकर बात कर रहा है लेकिन ऐसा नहीं होना वाला है। उसका एक्टिंग करने का कोई मन नहीं है, वो फिल्मों में नहीं आने वाली है।'
काजोल के इस बयान ने साफ कर दिया है कि उनकी बेटी फिल्मों से दूर ही रहेगी। काजोल से जब इंडस्ट्री में आने वाले नए कलाकारों को सलाह देने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें किसी की सलाह नहीं लेनी चाहिए। काजोल के अनुसार, "मैं सबसे पहले तो उन्हें कहूंगी कि आप लोग 10 लोगों से सलाह लेना बंद करो। अगर आप लोगों के पूछोगे कि क्या करना है तो 100 लोग आकर आपको सलाह देंगे। आप अपने हुनर को खुद तलाशें और उस पर मेहनत करें।" काजोल हमेशा से ऐसी अदाकारा के तौर पर पहचानी जाती रही हैं, जिन्होंने दिल की बात सुनी है। काजोल ने कई सुपरहिट फिल्में इसलिए छोड़ दीं क्योंकि उन्हें उनकी कहानी पसंद नहीं थी लेकिन उन्हें इस बात का कोई मलाल नहीं है।
