फिल्म 'जोश' और 'लक्ष्य' के एक्टर शरद कपूर ( Sharad Kapoor ) पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। एक महिला ने उनके साथ जबरदस्ती करने के कारण उनपर कई बड़े आरोप लगाए हैं। बता दें पीड़िता की शिकायत के बाद शरद कपूर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74( महिला पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और 79 (किसी महिला की गरिमा का अपमान) के तहत मामले दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता ने शिकायत के दौरान बताया कि वो एक्टर के साथ फेसबुक पर जुड़ी थी और बाद में वीडियो कॉल पर उनकी बात होती थी। एक्टर शरद कपूर ने उन्हें फिल्म की चर्चा करने के लिए एक मीटिंग के लिए बुलाया थे। मीटिंग की जगह पर पहुंचने के बाद पता चला की वो स्थान एक्टर का घर था। पीड़िता के अनुसार, जब वह घर के तीसरी मंजिल पर पहुंची तो एक शख्स उन्हें शरद के बेडरूम तक ले गया। बेडरूम में शरद बिना कपड़ों के बैठे हुए थे। महिला उन्हें देखकर घबरा गई थी। बेडरूम में एक्टर ने महिला के साथ जबरदस्ती करनी शुरू कर दी थी, लेकिन महिला धक्का देकर वहां से भाग गई।
अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल
एक्टर ने उसी शाम को अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए पीड़िता को व्हाट्सएप पर कई मैसेज भेजे थे। परेशान होकर पीड़िता ने अपनी सारी बात अपने दोस्त को बताई। जिसने उसे पुलिस से संपर्क करने के लिए कहा। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है, लेकिन शरद कपूर ने अभी तक आरोपों के बारे में कोई बयान नहीं दिया है। शरद कपूर फिल्म 'जोश' और 'लक्ष्य' के अलावा 'कभी दिलों की धड़कन' 'एलओसी कारगिल' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
