Govinda Health Update: बॉलीवुड अभिनेता और शिवसेना नेता गोविंदा की टांग में गलती से गोली लग जाने के बाद मुंबई स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार की सुबह गोविंदा अपनी बंदूक साफ कर रहे थे, जब गलती से गोली चल गई और वो जख्मी हो गए। समय रहते गोविंदा का सही इलाज हो जाने से उनकी तबियत स्थिर हो चुकी है और उन्हें आईसीयू से जनरल वॉर्ड में भर्ती कराया जा चुका है। ताजा खबर के मुताबिक गोविंदा तेजी से रिकवर भी कर रहे हैं।
कुछ ही घंटों में अस्पताल से डिस्चार्ज होंगे गोविंदा
गोविंदा की तबियत में तेजी से हो रहा सुधार उनके फैंस के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है। हालांकि सभी के मन में यह सवाल बना हुआ है कि वो कब अस्पताल से डिस्चार्ज होंगे? अगर आप भी इसी सवाल का जवाब जानना चाहते हैं तो बता दें कि गोविंदा 3 अक्टूबर के दिन अस्पताल से अपने घर की ओर रवाना होंगे। गोविंदा के मैनेजर ने ईटाइम्स से बात करते हुए बताया है कि वो पहले से ठीक हैं और आज अस्पताल से डिस्चार्ज हो जाएंगे। शशि सिन्हा के अनुसार, 'गोविंदा जी एकदम ठीक हैं और रिकवर कर रहे हैं।'
शशि सिन्हा ने अफनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा, 'यूं तो डॉक्टर्स ने कुछ खास हिदायत नहीं दी है लेकिन इतना जरूर कहा है कि गोविंदा जी को अगले 6 हफ्ते के लिए चोटिल पैर का खास ख्याल रखना पड़ेगा और उस पर वजन डालने से बचना होगा। अगले 6 हफ्ते गोविंदा के लिए के लिए थोड़े परेशानी भरे रह सकते हैं।'
गोविंदा गनशॉट मामले में मुंबई पुलिस लगातार तहकीकात कर रही है। बीते दिन पुलिस ने जानकारी दी थी कि वो परिवार द्वारा बताई गई कहानी से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं और वो इस मामले की तह तक जांच करेंगे ताकि सच सामने आ सके।
