Filmfare Awards Marathi 2025: फिल्मफेयर अवॉर्ड्स मराठी 2025 में मराठी सिनेमा का मान-सम्मान बढ़ाने वाले कलाकारों को सलाम किया गया। बीती रात महेश मांजरेकर बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड लेकर अपने घर गए, जिनके लिए लगातार बधाई भरे संदेश मिल रहे हैं। महेश मांजरेकर को तब्बू ने बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड दिया। इस दौरान दोनों के बीच में काफी हंसी-मजाक देखने को मिला था। महेश ने मजाक-मजाक में यह तक कह डाला कि तब्बू अब उनके साथ काम नहीं करना चाहती हैं लेकिन वो उन्हें दुनिया की सबसे अच्छी अदाकारा कन्सीडर करते हैं। आइए आपको बताते हैं कि स्टेज पर महेश मांजरेकर और तब्बू के बीच में क्या-क्या बातें हुईं...
Image Credit: Filmfare
तब्बू के साथ काम करना चाहते हैं महेश मांजरेकर
फिल्मफेयर अवॉर्ड्स मराठी 2025 में तब्बू ने शिरकत की और बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड देने के लिए स्टेज पर पहुंची। इस दौरान तब्बू ने फिल्मफेयर का आभार व्यक्त किया कि उन्हें बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड प्रेजेंट करने के लिए चुना गया। तब्बू ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि फिल्मफेयर ने मुझे ये सम्मान दिया है कि मैं बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड प्रेजेंट करूं। मैं ये अवॉर्ड उस डायरेक्टर को देने के लिए आई हूं, जिसने मुझे पाथब्रेकिंग मूवी के लिए चुना था।"
जब अवॉर्ड लेने के लिए महेश मांजरेकर स्टेज पर पहुंचे तो उन्होंने तब्बू को गले लगाया और कहा, "मैं ट्रॉफी लेना ही भूल गया क्योंकि तब्बू से गले लगना बहुत ज्यादा जरूरी था। मैं बहुत खुश हूं कि मुझे ये अवॉर्ड मिल रहा है लेकिन मुझे ये अवॉर्ड मेरी दोस्त तब्बू ने दिया है, जिस कारण मैं ज्यादा खुश हूं। मेरे विचार से तब्बू दुनिया की बेस्ट एक्ट्रेस है। मैं जब भी फिल्म अस्तित्व देखता हूं, मुझे हमेशा लगता है कि इन्होंने क्या कमाल का काम किया है। उस फिल्म के बाद तब्बू ने मेरे साथ काम करना बंद कर दिया लेकिन मुझे लगता है कि हम जल्द ही दोबारा काम करेंगे। मैं तब्बू के साथ दोबारा काम किए बिना नहीं मरूंगा।"
