बॉलीवुड

Daayra Trailer Out Now: करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन के बीच छिड़ेगी न्याय की जंग, देखें शानदार ट्रेलर

Daayra Trailer Out: मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी 'दायरा' का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज हो गया है। करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर यह एक दिलचस्प क्राइम थ्रिलर है, जो आपके दिमाग को हिला देगी।

Image

'दायरा' का शानदार ट्रेलर हुआ रिलीज (Pic Credit: Grab From You Tube)

Daayra Trailer Out: करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दायरा' (Daayra) का ट्रेलर आज यानी 31 अगस्त को रिलीज हो गया है। नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी यह फिल्म अपराध, न्याय और सजा के बीच उलझे उन सवालों को सामने लाती है, जिनका जवाब ढूढ़ना आसान नहीं होता। करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन दो सीनियर पुलिस अधिकारियों की भूमिका में नजर आएंगे, जो एक ही मामले की जांच करते हुए न्याय को लेकर अलग-अलग नजरिया रखते हैं। जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गड़ा के पेन स्टूडियोज द्वारा निर्मित 'दायरा' 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की कहानी यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने लिखी है।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित है 'दायरा' की कहानी

करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टार 'दायरा' की कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है। फिल्म की शुरुआत एक ऐसे अपराध के बाद होती है, जो पूरे देश में आक्रोश पैदा कर देता है। इसके बाद मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच का सिलसिला शुरू होता है। इसके बाद कहानी दो अलग-अलग जांच के रास्तों पर आगे बढ़ती है। करीना कपूर खान इस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश करती हैं और उनका सामने पृथ्वीराज सुकुमारन से होता है। दोनों कानून और ड्यूटी को लेकर अपनी-अपनी सोच रखते हैं। फिल्म में दोनों का अलग-अलग नजरिया दिखाया गया है, जो इसे देखने का रोमांच कम नहीं होने देगा।

करीना और पृथ्वीराज के किरदार हैं कहानी की जान

करीना कपूर खान फिल्म में डीसीपी अजूनी कोहली का किरदार निभा रही हैं। वहीं दूसरी ओर पृथ्वीराज सुकुमारन डीसीपी रमन कुमार के रोल में हैं। दोनों एक ही सिस्टम का हिस्सा हैं लेकिन किसी मामले को देखने और न्याय तक पहुंचने का दोनों का अपना तरीका है। फिल्म सिर्फ यह सवाल नहीं पूछती कि अपराध किसने किया बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर करती है कि सच किसे माना जाए और न्याय का फैसला आखिर कौन करे। इस ट्रेलर में नए-नए खुलासे होते हुए नजर आते हैं।

'दायरा' में दिखेगी कानून और न्याय के बीच जंग

मेघना गुलजार की फिल्मों में संवेदनशील और वास्तविक विषयों को गहराई से पेश करने के लिए जानी जाती हैं। ‘दायरा’ भी इसी अंदाज में कानून और न्याय के बीच मौजूद उस ग्रे एरिया को तलाशती नजर आती है, जहां सही और गलत के बीच की रेखा धुंधली हो जाती है। करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन के अलावा फिल्म में जितेंद्र जोशी, क्षिती जोग, कंवलजीत सिंह, संदीप कुलकर्णी और तृप्ति खामकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में इन कलाकारों की झलक कहानी को और ज्यादा भावनात्मक और गंभीर बनाती है।

मेघना गुलजार के साथ काम करने का करीना कपूर ने बताया अनुभव

करीना कपूर खान ने अपने किरदार डीसीपी अजूनी कोहली को लेकर कहा कि मेघना गुलजार के साथ काम करने का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा। करीना कपूर खान ने कहा, 'मेघना के साथ काम करने की अच्छी बात यह है कि वो किरदार के बारे में सोच पर सवाल उठाने के लिए प्रेरित करती हैं। हर चीज के पीछे काफी सोच-विचार होता है लेकिन वो आपको एक एक्टर होने के नाते सहज समझ को कभी खत्म नहीं होने देतीं। डीसीपी अजूनी कोहली का किरदार निभाना मेरे लिए एक यादगार अनुभव रहा... क्योंकि उन्होंने मुझे एक ऐसे दायरे में काम करने के लिए प्रेरित किया जिसे मैंने पहले कभी नहीं निभाया। पृथ्वीराज के साथ काम करना काफी अच्छा रहा। वह बेहद समझदार एक्टर हैं... काम के दौरान पूरी तरह मौजूद और सहज रहने वाले... और हमने एक साथ साथ काम को काफी एन्जॉय किया। यह उन फिल्मों में से एक थी जहां आपके आस-पास मौजूद लोग चीजों को बेहतर बना देते हैं।'

डीसीपी रमन कुमार के किरदार के बारे पृथ्वीराज सुकुमारन ने कही ये बात

पृथ्वीराज सुकुमारन ने कहा, 'डीसीपी रमन कुमार का किरदार मुझे इसलिए पसंद आया क्योंकि उसके शांत और संयमित व्यक्तित्व के पीछे काफी जटिलताएं हैं। जांच के दौरान उसे कई ऐसे सवालों का सामना करना पड़ता है, जो उसे लगातार सोचने पर मजबूर करते हैं। मुझे फिल्म की यह बात सबसे ज्यादा पसंद आई कि यह अंत तक कहानी को निष्पक्ष तरीके से पेश करती है। दर्शकों भी इसे लेकर अपना नजरिया पेश करते हैं। मैं काफी समय से मेघना गुलजार के काम को फॉलो करता आया हूं और 'दायरा' के जरिए मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला। उनके साथ काम करना मेरे लिए बेहद शानदार अनुभव रहा। करीना कपूर के साथ काम करने से यह सफर और भी खास बन गया। मुझे उम्मीद है कि दर्शक हमारी बनाई इस दुनिया से जुड़ पाएंगे।'

मेघना गुलजार ने बताया 'दायरा' को ग्रे एरिया की कहानी

मेघना गुलजार ने कहा, 'दायरा को ब्लैक एंड व्हाइट नजरिए से नहीं देखा जा सकता। यह एक ग्रे एरिया की कहानी है। एक फिल्ममेकर होने के नाते हैं ग्रे-एरिया हमेशा ही चुनौतियों से भरा होता है। यहां किरदार अपने फैसले लेते हैं, उनके नतीजों का सामना करते हैं और दर्शकों को खुद तय करने का मौका मिलता है कि वे सामने आ रही घटनाओं को किस नजरिए से देखते हैं। 'दायरा' के किरदारों को करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन ने शानदार अभिनय से जीवंत किया है। मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे इन दोनों बेहतरीन कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला। इसके अलावा फिल्म की शानदार सपोर्टिंग कास्ट ने भी कहानी को और मजबूत बनाया है। 'दायरा' में कानून और न्याय के बीच की उन नाजुक सीमाओं को दिखाने की कोशिश की गई है, जो इसकी कहानी में दिखाई देगी। मैं दर्शकों के सामने इस ग्रे दुनिया को पेश करने के लिए बेहद उत्साहित हूं।'

तीसरी बार साथ आए जंगली पिक्चर्स और मेघना गुलजार

जंगली पिक्चर्स की सीईओ अमृता पांडे ने कहा, 'जंगली पिक्चर्स में हम हमेशा अपने आसपास की दुनिया से जुड़ी कहानियों की ओर आकर्षित हुए हैं। खासकर ऐसी कहानियां जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित हों। 'दायरा' भी ऐसी ही कहानी है, जिसे हमने अपने लेखकों और मेघना के साथ मिलकर तैयार किया है। यह फिल्म आज के समय के लिए बेहद खास है। अपने सब्जेक्ट को अच्छी तरह से पेश करती है। 'दायरा' एक दमदार क्राइम थ्रिलर भी है, जिसमें टकराव, मुश्किल फैसले और दो मजबूत नजरिए देखने को मिलेंगे। करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बेहतरीन कलाकारों का इन किरदारों को पर्दे पर जीवंत करना इसे और भी खास बनाता है। 'दायरा' पेन स्टूडियोज के साथ हमारा पहला को-प्रोडक्शन भी है। हमारी टीम के लिए यह बेहद खास है कि 'तलवार' और 'राजी' के बाद हम तीसरी बार मेघना के साथ काम कर रहे हैं। हमें इस फिल्म को बनाने में बहुत खुशी हुई है और उम्मीद है कि दर्शक भी इसे पसंद करेंगे।'

जयंतीलाल गाडा ने साझा किया अपना एक्सपीरियंस

पेन स्टूडियोज के सीएमडी डॉ. जयंतीलाल गाडा ने कहा, 'सिनेमा सिर्फ एंटरटेनमेंट का जरिया नहीं है बल्कि यह सही सवाल उठाने का काम भी कर सकता है। 'दायरा' इसी तरह की फिल्म है और यही बात इसे हमारे लिए खास बनाती है। मेघना गुलजार ऐसी फिल्मकार हैं, जिन्होंने लगातार ऐसा सिनेमा बनाया है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है। उनकी कहानी कहने का तरीका का अलग होता है, जिसमें संवेदनशीलता और सादगी देखने को मिलती है, जो वाकई काबिल-ए-तारीफ है। करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे दो शानदार कलाकारों का एक साथ आना फिल्म को और भी खास बनाता है। दोनों कलाकार अपने किरदारों में पूरी शिद्दत और गहराई लेकर आए हैं। इसके अलावा, कंटेंट को प्राथमिकता देने वाले स्टूडियो ‘जंगली पिक्चर्स’ के साथ काम करना भी हमारे लिए शानदार अनुभव रहा। सार्थक कहानियां कहने को लेकर उनकी सोच और कमिटमेंट हमारी सोच से काफी मेल खाती है। हम उम्मीद करते हैं कि ‘दायरा’ दर्शकों को अपनी कहानी से बांधे रखेगी और थिएटर से बाहर निकलने के बाद भी उनके मन में कई सवाल और चर्चाएं छोड़ जाएगी।'

Lalit Kumar
ललित कुमार author

ललित कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में बतौर राइटर जुड़े हैं। पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद ललित ने एंटरटेनमेंट बीट में अपना करियर शुरू किया और बॉलीवुड, टीवी, वेब सीरीज और सेलेब्रिटी लाइफ से जुड़ी खबरों की गहरी समझ विकसित की। मीडिया में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले ललित एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स, ब्रेकिंग अपडेट्स, फिल्म/वेब सीरीज कवरेज को यूजर-फ्रेंडली अंदाज में पेश करने में माहिर हैं और अबतक 13,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article