Samay Ranveer Controversy: समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया विवाद इन दिनों हर तरफ चर्चा में है। इंडियाज गॉट लेटेंट के नए एपिसोड में इन दोनों ने कई सारे एडल्ट जोक बोले, जिन पर विवाद मचा हुआ है। जहां एक तरफ मुंबई पुलिस इन पर FIR दर्ज कर चुकी है, वहीं दूसरी तरफ इन दोनों को प्रोफेशनली भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन सारी चीजों के बीच बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग समय-रणवीर विवाद पर बात कर रहे हैं और अपने विचार लोगों के साथ साझा कर रहे हैं। जाने-माने निर्माता बोनी कपूर ने मीडिया से इस बारे में बात करते हुए कहा है कि वो इस तरह की कॉमेडी को सपोर्ट नहीं करते हैं।
बोनी कपूर ने एएनआई से बात करते हुए कहा है, 'जो भी इन लोगों ने किया है, मैं उसका किसी भी तरह से समर्थन नहीं करता हूं। लोगों को खुद कुछ लाइन्स बनाकर रखनी चाहिए कि आपको क्या बोलना है और क्या नहीं बोलना है। लोगों को खुद भी सेंसरशिप बनानी चाहिए।'
बोनी कपूर ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'देखिए आप अपने घर में कुछ भी बात कर सकते हैं और कैसे भी बात कर सकते हैं लेकिन जब आप किसी पब्लिक स्पेस में आते हैं या फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आते हैं तो आपको बहुत ध्यान रखना पड़ता है।'
जहां एक तरफ लोग समय-रणवीर विवाद पर अपनी बात रख रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ये दोनों सोशल मीडिया के जरिए लोगों से मामले में माफी मांग चुके हैं। रणवीर ने वीडियो जारी करके लोगों से माफी मांगी और यह माना कि उनके मुंह से जो भी शब्द निकले वो बिल्कुल भी ठीक नहीं थे, तो वहीं समय रैना ने एक पोस्ट के जरिए कहा कि वो सिर्फ लोगों को हंसाना चाहते थे। विवाद के बीच समय ने अपने यूट्यूब चैनल से इंडियाज गॉट लेटेंट के सारे एपिसोड हटा लिए हैं।
