Boney Kapoor on Mother Nirmal's Death: बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने निर्माता बोनी कपूर ने 2 मई के दिन अपनी मां निर्मल कपूर को खो दिया। 90 साल की उम्र में निर्मल कपूर ने दुनिया से विदा ले ली। निर्मल कपूर काफी समय से बीमार चल रही थीं, जिस कारण उनका इलाज चल रहा था। उम्र की वजह से निर्मल कपूर बीमारी से जंग हार गईं और परिवार को पीछे छोड़कर चल बसी। निर्मल कपूर की मृत्यु के बाद कपूर खानदान में एक खालीपन पैदा हो गया है, जो सालों तक कोई नहीं भर पाएगा। निर्माता बोनी कपूर ने मां की मृत्यु के 13 दिन बाद सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि उन्होंने केवल मां नहीं खोई है बल्कि वो इंसान भी को दिया है, जो उनकी आवाज सुनकर बता देता था कि दिन कैसा गया है?
बोनी कपूर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, 'आज मेरी मां को गुजरे 13 दिन हो गए हैं। आज हम अपनी मां को याद कर रहे हैं और उनके व्यक्तित्व को कुछ शब्दों में बयां कर रहे हैं। जब आप अपनी मां को खोते हैं तो सबकुछ बदल जाता है। आप केवल पैरेंट को नहीं खोते हैं बल्कि उस इंसान को खो देते हैं, जिसके सामने आप फिर से बच्चे बन जाते थे। वो इंसान जो दुनिया के सामने सख्त रहता था लेकिन आपके लिए सॉफ्ट हो जाता था। वो आपकी सारी फीलिंग्स सुनता था। वो इंसान जो खुद से भी पहले आपको रखता था, जिसकी समझ आपको बड़े होकर आती है। मां के जाने के बाद घर में सूनापन पैदा हो जाता है क्योंकि अब कोई कॉल करके ये नहीं पूछेगा कि तुमने खाना खाया या नहीं?'
'मां के जाने के बाद उसकी जगह कोई नहीं भर सकता है। काश मैंने उनके साथ ज्यादा वक्त बिताया होता... उन्हें थोड़ा और शुक्रिया कहा होता। मां के जाने के बाद आप कुछ नहीं कर सकते हैं। एक काम जो आपके हाथ में है, वो ये कि आप उन्हें अपने कामों से गर्व महसूस करवा सकते हैं।'
