बॉलीवुड

Jaaved Jaaferi की पत्नी से 16 करोड़ की ठगी मामले में बड़ा एक्शन, BMC अधिकारी पर गिरी गाज

Jaaved Jaaferi wife case: जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी के साथ मुंबई में संपत्ति निवेश के नाम पर 16.24 करोड़ रुपये की भारी धोखाधड़ी हुई थी। अब इस मामले पर अपडेट सामने आया है।

Image

BMC असिस्टेंट कमिश्नर महेश पाटिल निलंबित (pic credit-instagram)

Jaaved Jaaferi wife case: बॉलीवुड एक्टर जावेद जाफरी (Jaaved Jaaferi) की पत्नी हबीबा जाफरी (Habiba Jaffrey) के साथ मुंबई में संपत्ति निवेश के नाम पर 16.24 करोड़ रुपये की भारी धोखाधड़ी हुई थी। इस मामले को लेकर काफी विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी निशित पटेल को गिरफ्तार कर लिया था। अब इस मामले में अपडेट सामने आया है। आइए नजर डालते है इस रिपोर्ट पर... (टाइम्स नाव नवभारत पर ये भी पढ़ें-DID में Mithun Da की जगह होते जावेद जाफरी, क्यों ठुकराया बड़ा ऑफर)

BMC असिस्टेंट कमिश्नर महेश पाटिल निलंबित

जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी द्वारा दर्ज कराए गए 16 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में बीएमसी के सहायक नगर आयुक्त महेश पाटिल को निलंबित कर दिया गया है। उनके निलंबन का आदेश 5 जून को जारी किया गया था, जिसे 7 जून को उन्हें सौंप दिया गया। इस मामले में महेश पाटिल समेत 6 लोगों के खिलाफ खार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि बांद्रा के एक रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के नाम पर हबीबा जाफरी और उनके परिवार के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई। इस मामले में कारोबारी निशित पटेल को गिरफ्तार भी किया गया है। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

जावेद जाफरी की वाइफ के साथ हुई धोखाधड़ी

बता दें कि महेश पाटिल को पिछले साल नवंबर में भी इसी प्रोजेक्ट से जुड़े कथित गलत निवेश के आरोपों के कारण एक महीने की कंपलसरी लीव पर भेजा गया था। हालांकि उस समय उन्होंने सभी आरोपों से इनकार किया था। हबीबा जाफरी ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात महेश पाटिल से बीएमसी कार्यालय में हुई थी। आरोप है कि पाटिल ने उन्हें बांद्रा रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट में निवेश करने का सुझाव दिया और इसे एक फायदे का सौदा बताया। उन्होंने कथित तौर पर हबीबा को कारोबारी निशित पटेल के जरिए निवेश करने की सलाह भी दी। शिकायत में ये भी आरोप लगाया गया है कि निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और उन्हें असली बताकर दिखाया गया। इन डॉक्यूमेंट्स के आधार पर हबीबा जाफरी, जावेद जाफरी, उनके रिश्तेदार नवेद जाफरी और बाकी लोगों को निवेश के लिए राजी किया गया। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने निवेश के नाम पर लोगों से करीब 16.24 करोड़ रुपये लिए। यह रकम चेक, नकद, विदेशी मुद्रा और महंगी घड़ियों के रूप में जुटाई गई थी। बाद में निवेशकों को पता चला कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद हबीबा जाफरी ने खार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है। वहीं, महेश पाटिल को सस्पेंड कर दिया गया है और निशित पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Kumar Sarash
कुमार सरसauthor

कुमार सरस टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी लेखन शैली सरल, स्पष्ट और रोचक है, जो पाठकों को तुरंत जोड़ लेती है। कुमार सरस को बॉलीवुड, टीवी और OTT की ट्रेंडिंग खबरों पर काम करने में खास रुचि है। अब तक उन्होंने 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिखे हैं, जिनमें ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव अपडेट्स और एंटरटेनमेंट फीचर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article